scorecardresearch

मुंबई की इस रामलीला में दिखेगी रामायण की पूरी कहानी, 72 फीट की LED स्क्रीन और 50 से ज्यादा कलाकार, ऐसे बुक करें टिकट

पहले यहां मथुरा और अयोध्या से आने वाली मंडलियां रामलीला का मंचन करती थीं. कई भूमिकाएं पुरुष कलाकार निभाते थे. इस बार मुंबई के कलाकारों को मौका दिया गया है.

Advertisement
Mumbai's Girgaon Chowpatty Ramleela Mumbai's Girgaon Chowpatty Ramleela

देशभर में इन दिनों रामलीला के मंच सजे हैं. दिल्ली, मुंबई जैसे बड़े शहरों में कलाकार भगवान राम की कहानी के जरिए बुराई पर अच्छाई की जीत का संदेश दे रहे हैं. कहीं पारंपरिक अंदाज में रामायण का मंचन हो रहा है, तो कहीं आधुनिक तकनीक और भव्य सेट के जरिए इस सदियों पुरानी कथा को नए रूप में पेश किया जा रहा है.

मुंबई के गिरगांव चौपाटी पर भी इस बार रामलीला कुछ अलग अंदाज में हो रही है. यहां 72 फीट की विशाल LED स्क्रीन, 50 से ज्यादा कलाकार और 3D जैसे विजुअल्स दर्शकों को रामायण की दुनिया में ले जाने की कोशिश करते हैं. खास बात यह है कि समुद्र किनारे होने वाला यह आयोजन धार्मिक आस्था के साथ थिएटर का नया एक्सपीरिएंस भी दे रहा है.

1964 से हो रहा रामलीला का आयोजन
श्री आदर्श रामलीला समिति की ओर से आयोजित यह रामलीला 11 से 20 अक्टूबर तक चलेगी. यहां 1964 से रामलीला का आयोजन किया जा रहा है. इस बार दिविनिटी प्रोडक्शंस ने इसे नए अंदाज में पेश किया है. इसका निर्देशन योगेश पगारे ने किया है, जबकि संगीत मोंटी शर्मा ने तैयार किया है.

 

72 फीट की स्क्रीन पर दिखता है रामायण का संसार
रामलीला की शुरुआत शाम 6:30 बजे अयोध्या से लाए गए जल के साथ सरयू आरती से होती है. पांच पुजारी पीतल के दीप लेकर आरती करते हैं और दर्शक भी हाथ जोड़कर इसमें शामिल होते हैं. इसके बाद रोशनी धीमी होती है और 72 फीट की LED स्क्रीन पर जंगल, महल और रामायण से जुड़े दृश्य दिखाई देने लगते हैं. आधुनिक ग्राफिक्स और 3D जैसे विजुअल्स के जरिए दर्शकों को कहानी के भीतर होने का अनुभव देने की कोशिश की गई है. कलाकारों की वेशभूषा और बड़े सेट भी इस मंचन को खास बनाते हैं.

तीन महीने में 250 कलाकारों के ऑडिशन
यहां पहले मथुरा और अयोध्या से आने वाली मंडलियां रामलीला का मंचन करती थीं. कई भूमिकाएं पुरुष कलाकार निभाते थे. इस बार मुंबई के कलाकारों को मौका दिया गया है. निर्देशक योगेश पगारे ने अलग-अलग किरदारों के लिए करीब तीन महीने तक 250 कलाकारों के ऑडिशन लिए. इस रामलीला में भगवान राम के किरदार में हैं एक्टर अनिकेत राय, रेशम तिलोकानी माता सीता, अमर्त्य भट्टाचार्य लक्ष्मण के किरदार में हैं. जबकि लंकेश की भूमिका कर रहे हैं ऋषभ कांती.

 

300 रुपये में देख पाएंगे रामलीला का भव्य मंचन
शो के टिकट की शुरुआती कीमत बुकमाइ शो पर 300 रुपये रखी गई है. इसके अलावा बिना आरक्षित सीट वाले दर्शकों के लिए प्रवेश मुफ्त है. मैदान में स्क्रीन भी लगाई गई हैं, ताकि बिना सीट वाले लोग भी रामलीला देख सकें. कार्यक्रम शाम 7 बजे से रात 9:15 बजे तक चलता है. 20 अक्टूबर को दशहरे के मौके पर रावण दहन के साथ यह रामलीला खत्म होगी.