Ramayana Trailer
Ramayana Trailer
फिल्म 'रामायण' का दूसरा ट्रेलर रिलीज हो गया है. ट्रेलर में रावण के किरदार में यश का दमदार अंदाज देखने को मिला. वहीं, भगवान राम के किरदार में रणबीर कपूर की शांत और प्रभावशाली छवि भी दिखाई गई है. ट्रेलर रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर इसकी चर्चा शुरू हो गई. कई यूजर्स ने इसे भारतीय फिल्मों के सबसे प्रभावशाली ट्रेलर में से एक बताया. वहीं ट्रेलर के वीएफएक्स भी पसंद किए जा रहे हैं.
फिल्म के मेकर्स ने ट्रेलर जारी करते हुए लिखा कि इंसानियत की सबसे महान कहानी अब पर्दे पर जीवंत होने जा रही है. फिल्म दुनिया भर के सिनेमाघरों के साथ आईमैक्स और बड़े पर्दे वाले प्रीमियम फॉर्मेट में रिलीज की जाएगी.
रावण के गुस्से से राम के शांत अंदाज तक की झलक
दूसरे ट्रेलर की शुरुआत रावण की ताकत और उसके प्रभाव से जुड़ी झलकियों के साथ होती है. रावण को आग और क्रोध से जन्मी ऐसी शक्ति के रूप में दिखाया गया है, जिसके सामने देवताओं को भी झुकना पड़ा. यश का गंभीर चेहरा, दमदार व्यक्तित्व और अंधेरे में दिखाई देने वाला उनका विशाल रूप ट्रेलर को खास बनाता है.
इसके बाद भगवान राम की झलक दिखाई जाती है. राम का शांत और संयमित अंदाज रावण के आक्रामक व्यक्तित्व से बिल्कुल अलग नजर आता है. ट्रेलर में दोनों के बीच अच्छाई और बुराई की लड़ाई की झलक मिलती है. साथ ही राम और सीता के मिलन को भी दिखाया गया है.
पुष्पक विमान और जटायु की भी दिखी झलक
ट्रेलर में रामायण से जुड़े कई अहम पात्रों और प्रसंगों की झलक दिखाई गई है. रावण के पुष्पक विमान और सीता की रक्षा के लिए रावण से लड़ने वाले जटायु को भी इसमें जगह मिली है. ट्रेलर के कई दृश्य ऐसे हैं, जिन्हें देखकर लगता है कि मेकर्स रामायण की कहानी को बड़े सिनेमाई स्तर पर पेश करने की तैयारी में हैं.
सोशल मीडिया पर यूजर्स बोले- हर फ्रेम पेंटिंग जैसा
ट्रेलर सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर दर्शकों ने अपनी प्रतिक्रियाएं दीं. एक यूजर ने लिखा, 'यह किसी भारतीय फिल्म का अब तक देखा गया शायद सबसे शानदार ट्रेलर है.' एक अन्य यूजर ने फिल्म के रंगों और रोशनी की तारीफ करते हुए कहा कि हर फ्रेम किसी पेंटिंग जैसा दिखाई देता है.
एक यूजर ने पहले वीडियो और दूसरे ट्रेलर के बीच के अंतर को शानदार बताया. वहीं, एक अन्य यूजर ने लिखा कि यश रावण के रूप में बेहद विशाल और अडिग नजर आ रहे हैं. कुछ दर्शकों ने फिल्म के निर्माता नमित मल्होत्रा और पूरी टीम की भी तारीफ की.
दो हिस्सों में रिलीज होगी फिल्म
नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही 'रामायण' को नमित मल्होत्रा प्रोड्यूस कर रहे हैं. फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी सीता, यश रावण, सनी देओल हनुमान और रवि दुबे लक्ष्मण की भूमिका में नजर आएंगे. यह फिल्म दो हिस्सों में बनाई जा रही है. पहले भाग की रिलीज इस साल 5 नवंबर को तय बताई गई है, जबकि दूसरा भाग दिवाली 2027 में रिलीज करने की योजना है.