scorecardresearch

मुश्किलों के बाद फिर मुस्कुराए राजपाल यादव, सेट पर की धमाकेदार वापसी

राजपाल की यह मुश्किलें 9 करोड़ रुपए के कर्ज से जुड़ी हैं. साल 2010 में उन्होंने दिल्ली की कंपनी मुरली प्राइवेट लिमिटेड से 5 करोड़ रुपए का लोन लिया था.

हाइलाइट्स
  • जेल से बाहर आते ही काम पर लौटे राजपाल यादव

  • 28 फरवरी को करेंगे बड़ा खुलासा

करीब दो हफ्ते तिहाड़ जेल में बिताने के बाद एक्टर राजपाल यादव दोबारा काम पर लौट चुके हैं. 16 फरवरी को अंतरिम जमानत मिलने के बाद राजपाल मुंबई पहुंचे और पहुंचते ही फिल्म की शूटिंग शुरू कर दी. 28 फरवरी को वे मुंबई में प्रेस कॉन्फ्रेंस भी करने वाले हैं.

न्यूज एजेंसी ANI के मुताबिक, राजपाल यादव की टीम ने जानकारी दी है कि अभिनेता रिहा होते ही सीधे काम पर लौट आए. तिहाड़ जेल से बाहर आने के बाद उन्होंने मीडिया से बातचीत में सभी का आभार जताया. उन्होंने कहा, '2027 में मैं बॉलीवुड में 30 साल पूरे करूंगा. देशभर के लोग, बच्चे, बुजुर्ग, सभी मेरे साथ हैं. अगर मुझ पर कोई आरोप है तो मैं जवाब देने के लिए तैयार हूं. हाईकोर्ट का धन्यवाद…'

राजपाल की यह मुश्किलें 9 करोड़ रुपए के कर्ज से जुड़ी हैं. साल 2010 में उन्होंने दिल्ली की कंपनी मुरली प्राइवेट लिमिटेड से 5 करोड़ रुपए का लोन लिया था. यह रकम उन्होंने अपनी फिल्म अता पता लापता के लिए ली थी, जिसे उन्होंने डायरेक्ट किया था. फिल्म बॉक्स ऑफिस पर सफल नहीं रही और वे कर्ज नहीं चुका पाए.

2018 में सुनाई गई थी सजा
इसके बाद उनके द्वारा जारी किए गए सात चेक बाउंस हो गए. मामला कोर्ट पहुंचा और 2018 में मजिस्ट्रेट कोर्ट ने राजपाल और उनकी पत्नी राधा को नेगोशिएबल इंस्ट्रूमेंट्स एक्ट की धारा 138 के तहत दोषी ठहराते हुए छह महीने की सजा सुनाई.

फरवरी में कोर्ट ने दिया सरेंडर करने का आदेश
2024 में कोर्ट ने उनकी सजा पर रोक लगाई और बकाया राशि चुकाने के लिए 'ईमानदार प्रयास' करने का निर्देश दिया. तब तक ब्याज समेत कर्ज 9 करोड़ रुपए तक पहुंच चुका था. 2 फरवरी 2026 को दिल्ली हाई कोर्ट ने राजपाल को सरेंडर करने का आदेश दिया, क्योंकि उन्होंने कोर्ट को बताया था कि वे फिलहाल रकम चुकाने में असमर्थ हैं. इसके बाद उन्हें तिहाड़ जेल भेज दिया गया.

सोनू सूद मदद के लिए सामने आए
इस दौरान बॉलीवुड से कई सितारे उनके समर्थन में सामने आए. सोनू सूद ने सार्वजनिक तौर पर आर्थिक मदद की पेशकश की और उन्हें अपने एक प्रोजेक्ट में साइन भी किया. राजपाल के मैनेजर के मुताबिक, सलमान खान, अजय देवगन और वरुण धवन समेत कई सितारों ने भी मदद का हाथ बढ़ाया है.

अब सभी की नजरें 28 फरवरी की प्रेस कॉन्फ्रेंस पर हैं, जहां राजपाल अपने केस पर खुलकर बात कर सकते हैं.