scorecardresearch

'न कभी शराब पी है, न जिंदगी में कभी पीऊंगा...' ट्रोलर्स के दावों पर रितेश देशमुख की रोंगटे खड़े करने वाली प्रतिक्रिया

एक तरफ जहां रितेश देशमुख पर शिवाजी महराज और उनके भक्तों की भावनाओं को आहत पहुंचाने का आरोप लग रहा है, वहीं उनके नए बयान ने ट्रोलर्स का मुंह बंद करवा दिया है. उन्होंने शिवाजी महराज की टी-शर्ट और शराब पीने के आरोपों पर खुल कर अपनी प्रतिक्रिया दी है.

riteish-deshmukh-clarifies-raja-shivaji-success-party-video-row riteish-deshmukh-clarifies-raja-shivaji-success-party-video-row

रितेश देशमुख की फिल्म 'राजा शिवाजी' इन दिनों जबरदस्त चर्चा में है. एक तरफ फिल्म को दर्शकों और समीक्षकों से शानदार प्रतिक्रिया मिली, तो दूसरी तरफ फिल्म की सक्सेस पार्टी का एक वीडियो विवाद का कारण बन गया. सोशल मीडिया पर वायरल हुए इस वीडियो को लेकर लोगों ने रितेश देशमुख को जमकर ट्रोल किया. विवाद बढ़ने के बाद अब अभिनेता और निर्देशक रितेश देशमुख ने खुद सामने आकर पूरे मामले पर अपनी सफाई दी है और अगर किसी की भावनाएं आहत हुई हैं तो उसके लिए खुद भी जताया है.

सक्सेस पार्टी का वीडियो बना विवाद की वजह
फिल्म 'राजा शिवाजी' की सफलता का जश्न मनाने के लिए रितेश देशमुख और उनकी पूरी टीम ने एक खास समारोह का आयोजन किया था. इस कार्यक्रम में फिल्म की कास्ट और क्रू मौजूद थी. इसी दौरान का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया. वीडियो में रितेश देशमुख छत्रपति शिवाजी महाराज की तस्वीर वाली टी-शर्ट पहनकर एक बॉलीवुड गाने पर डांस करते नजर आए. वीडियो सामने आते ही सोशल मीडिया पर बहस शुरू हो गई. कुछ लोगों ने इसे छत्रपति शिवाजी महाराज के सम्मान से जोड़कर सवाल उठाने लगे, जबकि कुछ यूजर्स ने यहां तक दावा कर दिया कि रितेश नशे की हालत में थे.

रितेश देशमुख ने दी सफाई
विवाद बढ़ने के बाद रितेश देशमुख ने इंस्टाग्राम स्टोरी के जरिए लंबा बयान जारी किया. उन्होंने कहा कि फिल्म को मिली शानदार प्रतिक्रिया का जश्न मनाने के लिए यह छोटा सा कार्यक्रम आयोजित किया गया था और उसी दौरान का वीडियो वायरल हो रहा है. रितेश ने लिखा कि वह खुद शिवाजी महाराज के भक्त हैं और अपने परिवार की परंपराओं का सम्मान करते हैं. ऐसे में उनका यह कर्तव्य बनता है कि वह पूरे मामले पर अपनी बात रखें. उन्होंने साफ कहा कि छत्रपति शिवाजी महाराज की तस्वीर वाली टी-शर्ट पहनकर जश्न मनाते समय उनका किसी भी तरह से अपमान करने का कोई इरादा नहीं था. उन्होंने बताया कि फिल्म के प्रमोशन के दौरान वह लगातार उसी टी-शर्ट का इस्तेमाल कर रहे थे और कार्यक्रम में पहुंचने से पहले भी प्रमोशनल गतिविधियों में व्यस्त थे. इसी वजह से वह टी-शर्ट बदलना भूल गए.

शराब पीने के आरोपों पर भी तोड़ी चुप्पी
सोशल मीडिया पर कुछ लोगों ने रितेश देशमुख पर शराब के नशे में होने के आरोप भी लगाए थे. इस पर अभिनेता ने स्पष्ट शब्दों में जवाब दिया.

उन्होंने कहा, 'मैं अपने जीवन में कभी शराब नहीं पी है और न ही भविष्य में कभी पीऊंगा. मेरे ऊपर लगाए जा रहे ऐसे सभी आरोप पूरी तरह से गलत और निराधार हैं.' रितेश ने यह भी कहा कि जिस व्यक्ति ने वीडियो रिकॉर्ड किया, उसे कार्यक्रम में आमंत्रित भी नहीं किया गया था.

भावनाएं आहत हुई हों तो जताया खेद
अपने बयान में रितेश ने कहा कि यह कार्यक्रम उन सभी कलाकारों और तकनीशियनों के प्रति आभार व्यक्त करने के लिए था, जिन्होंने पिछले साढ़े तीन वर्षों तक फिल्म 'राजा शिवाजी' के लिए लगातार मेहनत की. हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि अगर उनके किसी व्यवहार या वीडियो से किसी की भावनाएं आहत हुई हैं, तो एक शिवप्रेमी होने के नाते वह इसके लिए खेद व्यक्त करते हैं.

रितेश ने लिखा कि छत्रपति शिवाजी महाराज उनके लिए केवल एक ऐतिहासिक व्यक्तित्व नहीं, बल्कि आस्था, प्रेरणा और गौरव के प्रतीक हैं. उनके मन में शिवाजी महाराज के प्रति अपार सम्मान, प्रेम और निष्ठा है, जो हमेशा बनी रहेगी.

फिल्म 'राजा शिवाजी' को मिल रही शानदार प्रतिक्रिया
'राजा शिवाजी' 1 मई को रिलीज हुई थी. रितेश देशमुख के करियर की सबसे महत्वाकांक्षी फिल्मों में से एक मानी जा रही है. इस फिल्म का निर्देशन भी रितेश देशमुख ने ही किया है. फिल्म में छत्रपति शिवाजी महाराज के जीवन, संघर्ष और स्वराज्य की स्थापना की कहानी को बड़े पैमाने पर पर्दे पर उतारा गया है.

रिलीज के बाद फिल्म को दर्शकों और समीक्षकों से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली है. बॉक्स ऑफिस पर भी फिल्म अच्छा प्रदर्शन कर रही है. यही वजह है कि पूरी टीम इसकी सफलता का जश्न मना रही थी, लेकिन इसी दौरान वायरल हुए वीडियो ने एक नया विवाद खड़ा कर दिया. अब रितेश देशमुख की सफाई के बाद सभी की नजर इस बात पर है कि यह विवाद आगे कितना बढ़ता है या लोग उनकी भावना को समझते हैं. 

ये भी पढ़ें