Saif Ali Khan And Kareena Kapoor
Saif Ali Khan And Kareena Kapoor
सैफ अली खान और करीना कपूर की जोड़ी एक बार फिर टीवी पर दर्शकों को हंसाने के लिए तैयार है. दोनों जल्द ही नेटफ्लिक्स के शो 'द ग्रेट इंडियन कपिल शो' में नजर आएंगे. शो के नए एपिसोड का प्रोमो सामने आया है, जिसमें सैफ ने करीना की एक ऐसी आदत के बारे में बताया, जिसे सुनकर वहां मौजूद लोग हंसने लगे. सैफ ने बताया कि करीना रात में सोने से पहले अपने पैरों पर घी लगाती हैं. इस पर उन्होंने मजाक करते हुए कहा कि उनके बेडरूम में रोमांटिक माहौल के बजाय ढाबे जैसी खुशबू आती है.
कपिल ने पूछा- 14 साल बाद भी जवां दिखने का राज क्या है?
शो के प्रोमो में कपिल शर्मा सैफ और करीना से पूछते हैं कि शादी के 14 साल बाद भी दोनों इतने जवां और तरोताजा कैसे दिखते हैं? इस पर सैफ मजाकिया अंदाज में कहते हैं कि इसका राज घी है. करीना भी उनकी बात से सहमत होती हैं और बताती हैं कि उनके घर में काफी घी खाया जाता है. उनके बच्चे भी घी खाते हैं.
इसी बीच सैफ बताते हैं कि करीना सिर्फ घी खाती ही नहीं, बल्कि रात में सोने से पहले अपने पैरों पर भी लगाती हैं. इसके बाद सैफ कहते हैं, 'आप सोचो, इतनी अच्छी रोमांटिक बात कि हमारे बेडरूम में ढाबे जैसा स्मेल आ रहा है रात को.' उनकी यह बात सुनकर कपिल समेत वहां मौजूद दर्शक हंसने लगते हैं.
अर्चना पूरन सिंह पर भी कपिल ने किया मजाक
सैफ की बात सुनकर कपिल शर्मा भी पीछे नहीं रहते. वह शो की जज अर्चना पूरन सिंह को लेकर मजाक करते हैं. कपिल कहते हैं कि अर्चना भी अपने पैरों पर घी लगाती हैं, लेकिन बाद में उसी घी का इस्तेमाल रोटी पर कर लेती हैं. कपिल की इस बात से शो का माहौल और भी मजेदार हो जाता है.
शो का यह प्रोमो सोशल मीडिया पर चर्चा में है. फैंस भी सैफ के मजाकिया अंदाज को पसंद कर रहे हैं. एक यूजर ने लिखा कि वह सैफ की हाजिरजवाबी देखने के लिए शो जरूर देखेगा. वहीं, एक दूसरे यूजर ने घी को लेकर सैफ के मजाक पर अपनी खुशी जाहिर की. कुछ फैंस ने करीना को देसी पत्नी भी बताया. यह एपिसोड शनिवार, 17 अक्टूबर को नेटफ्लिक्स पर प्रसारित होगा.
शादी की सालगिरह पर दोनों ने शेयर कीं खास तस्वीरें
सैफ और करीना ने 16 अक्टूबर को अपनी शादी की 14वीं सालगिरह मनाई. इस मौके पर दोनों ने सोशल मीडिया पर एक-दूसरे के लिए प्यार भरे संदेश लिखे. करीना ने इंस्टाग्राम पर सैफ के साथ कुछ अनदेखी तस्वीरें शेयर कीं. उन्होंने लिखा, 'एक और साल बीत गया, अभी तो हमेशा साथ रहना है.' वहीं, सैफ ने भी करीना और अपने बच्चों तैमूर और जेह के साथ तस्वीरें शेयर करते हुए लिखा, बस, यही परफेक्ट है! हैप्पी एनिवर्सरी, लव.'
सैफ और करीना ने 16 अक्टूबर 2012 को मुंबई में शादी की थी. शादी से पहले दोनों करीब पांच साल तक एक-दूसरे को डेट कर चुके थे. दोनों की नजदीकियां फिल्म 'टशन' की शूटिंग के दौरान बढ़ी थीं. आज यह जोड़ी बॉलीवुड के चर्चित कपल्स में शामिल है और उनके दो बेटे तैमूर और जेह हैं.