scorecardresearch

तमिलनाडु के CM विजय की आखिरी फिल्म 'जना नायकन' 23 जुलाई को होगी रिलीज, बेटे की डेब्यू फिल्म से होगा बॉक्स ऑफिस मुकाबला

भारत में 'जना नायकन' 23 जुलाई को रिलीज होगी, जबकि कई विदेशी देशों में यह फिल्म 24 जुलाई को सिनेमाघरों में आएगी. ऑस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड, फिजी, पापुआ न्यू गिनी और ब्रिटेन के डिस्ट्रीब्यूटर्स पहले ही 24 जुलाई की रिलीज डेट का ऐलान कर चुके हैं

Jana Nayagan Jana Nayagan
हाइलाइट्स
  • पहले पोंगल पर रिलीज होनी थी फिल्म

  • 23 जुलाई को सिनेमाघरों में आएगी जना नायकन

  • नए पोस्टर के साथ मेकर्स ने रिलीज डेट का ऐलान किया

तमिलनाडु के मुख्यमंत्री और अभिनेता विजय की मोस्ट अवेटेड फिल्म 'जना नायकन' अब 23 जुलाई को सिनेमाघरों में रिलीज होगी. फिल्म की प्रोडक्शन कंपनी KVN प्रोडक्शंस ने बुधवार को सोशल मीडिया पर इसकी आधिकारिक घोषणा की. रिलीज डेट के साथ मेकर्स ने विजय का नया पोस्टर भी शेयर किया है. पोस्टर में विजय पुलिस की वर्दी में नजर आ रहे हैं और उनके हाथ में कटाना (जापानी तलवार) दिखाई दे रही है.

विदेशों में एक दिन बाद होगी रिलीज
भारत में 'जना नायकन' 23 जुलाई को रिलीज होगी, जबकि कई विदेशी देशों में यह फिल्म 24 जुलाई को सिनेमाघरों में आएगी. ऑस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड, फिजी, पापुआ न्यू गिनी और ब्रिटेन के डिस्ट्रीब्यूटर्स पहले ही 24 जुलाई की रिलीज डेट का ऐलान कर चुके हैं और कई जगह एडवांस बुकिंग भी शुरू हो चुकी है. ऐसे में भारतीय दर्शकों को फिल्म एक दिन पहले देखने का मौका मिलेगा.

बेटे जेसन संजय की फिल्म से होगा मुकाबला
'जना नायकन' की रिलीज के साथ एक दिलचस्प बॉक्स ऑफिस मुकाबला भी देखने को मिलेगा. विजय के बेटे जेसन संजय बतौर निर्देशक फिल्म 'सिग्मा' से डेब्यू कर रहे हैं. यह फिल्म 31 जुलाई को रिलीज होने वाली है. हालांकि दोनों फिल्मों के बीच एक सप्ताह का अंतर है, लेकिन लगातार रिलीज होने के कारण दोनों की तुलना होना तय माना जा रहा है. 'सिग्मा' में सुंदीप किशन और फरिया अब्दुल्ला मुख्य भूमिका में हैं. फिलहाल फिल्म की रिलीज डेट में किसी बदलाव की घोषणा नहीं हुई है.

परिवार को लेकर भी रही चर्चाएं
हाल के दिनों में विजय की निजी जिंदगी भी चर्चा में रही है. मीडिया रिपोर्ट्स में पत्नी संगीता सोर्नालिंगम के साथ तलाक की खबरें सामने आई थीं. हालांकि इस पर परिवार की ओर से कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है.

 

विजय के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के समारोह में उनकी पत्नी और दोनों बच्चे जेसन संजय और दिव्या साशा मौजूद नहीं थे. समारोह में केवल विजय के माता-पिता और कुछ करीबी रिश्तेदार शामिल हुए थे. इसी वजह से परिवार में मतभेद की अटकलों ने भी जोर पकड़ा.

पहले पोंगल पर रिलीज होनी थी फिल्म
'जना नायकन' पहले पोंगल के मौके पर रिलीज होने वाली थी, लेकिन CBFC (सेंसर बोर्ड) से सर्टिफिकेट मिलने में देरी के कारण इसकी रिलीज टाल दी गई. हाल ही में फिल्म को जरूरी बदलाव और कुछ कट्स के बाद A सर्टिफिकेट दिया गया है. इसके बाद मेकर्स ने नई रिलीज डेट का ऐलान किया. एच. विनोथ के निर्देशन में बनी इस फिल्म में विजय के साथ पूजा हेगड़े, बॉबी देओल, ममिता बैजू, प्रकाश राज, गौतम वासुदेव मेनन, नारायण और प्रियामणि भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे.