scorecardresearch

14 वर्षों पुरानी मांग हुई पूरी, यमुना एक्सप्रेसवे से प्रभावित आसपास के ग्रामों के स्थानीय नागरिकों को मिलेगी टोल शुल्क से मुक्ति

जेवर क्षेत्र के पात्र स्थानीय नागरिकों को अब यमुना एक्सप्रेसवे के जेवर टोल प्लाजा पर टोल शुल्क से राहत मिलेगी. 14 साल पुरानी मांग के बाद लिया गया यह फैसला स्थानीय लोगों के लिए बड़ी राहत है.

Advertisement
 Toll Plaza Toll Plaza

यमुना एक्सप्रेसवे पर सफर करने वाले जेवर क्षेत्र के स्थानीय लोगों के लिए बड़ी राहत की खबर है. करीब 14 साल से टोल शुल्क में छूट की मांग अब पूरी होने जा रही है. जेवर विधायक धीरेन्द्र सिंह के प्रयासों के बाद यमुना एक्सप्रेसवे से प्रभावित और आसपास के पात्र गांवों के स्थानीय नागरिकों को जेवर टोल प्लाजा पर टोल शुल्क से राहत देने का फैसला लिया गया है.

14 साल से उठ रही थी टोल माफी की मांग
यमुना एक्सप्रेस वे के निर्माण और संचालन के बाद से ही जेवर क्षेत्र के स्थानीय निवासी टोल शुल्क से राहत की मांग कर रहे थे. किसानों, सामाजिक प्रतिनिधियों और विभिन्न किसान संगठनों की ओर से भी समय-समय पर यह मुद्दा उठाया जाता रहा है. स्थानीय लोगों का कहना था कि रोजमर्रा के काम के लिए एक्सप्रेस वे का इस्तेमाल करने पर उन्हें बार-बार टोल देना पड़ता है.

विधायक ने अधिकारियों के साथ की कई दौर की बातचीत
जेवर विधायक धीरेन्द्र सिंह ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए यमुना एक्सप्रेस वे औद्योगिक विकास प्राधिकरण और एक्सप्रेस वे का संचालन करने वाली कंपनी के अधिकारियों के साथ कई दौर की बातचीत की. इस दौरान स्थानीय लोगों की आवागमन संबंधी परेशानियों, किसानों के योगदान और स्थानीय हितों को प्रमुखता से रखा गया.

पात्र लोगों को मिलेगा टोल फ्री सफर
फैसले के अनुसार, यमुना एक्सप्रेसवे से प्रभावित और आसपास के पात्र गांवों के स्थानीय नागरिकों को जेवर टोल प्लाजा पर टोल शुल्क से छूट मिलेगी. इसके लिए पात्र लोगों को अपने वाहन का पंजीकरण कराना जरूरी होगा. सत्यापन और पंजीकरण की प्रक्रिया पूरी होने के बाद उन्हें निर्धारित व्यवस्था के तहत टोल फ्री आवागमन की सुविधा मिलेगी.

17 सितंबर तक कराना होगा वाहन का पंजीकरण
टोल छूट का लाभ लेने के लिए स्थानीय नागरिकों को स्थानीय निवासी होने का प्रमाण, आधार कार्ड और वाहन की आरसी की प्रति लेकर जेवर टोल प्लाजा के मैनेजर या निर्धारित कार्यालय में वाहन का पंजीकरण कराना होगा. नागरिकों से समय पर पंजीकरण कराने की अपील की गई है.

रोजमर्रा के सफर में मिलेगी बड़ी राहत
यमुना एक्सप्रेसवे जेवर क्षेत्र के लोगों के लिए जिला मुख्यालय, न्यायालय, अस्पताल, शिक्षण संस्थानों, यमुना प्राधिकरण और अन्य जरूरी सरकारी संस्थानों तक पहुंचने का प्रमुख मार्ग है. ऐसे में स्थानीय लोगों को बार-बार टोल शुल्क देने से राहत मिलने पर रोजाना आने-जाने का खर्च कम होगा.

किसानों और स्थानीय लोगों के योगदान को सम्मान
विधायक धीरेन्द्र सिंह ने कहा कि यह फैसला सिर्फ टोल शुल्क से राहत देने तक सीमित नहीं है, बल्कि उन किसानों और स्थानीय लोगों के योगदान का सम्मान भी है, जिनके सहयोग से यमुना एक्सप्रेस वे और क्षेत्र में विकास की नई तस्वीर बनी है. उन्होंने इस मांग को लंबे समय से उठाने वाले किसानों, किसान संगठनों और स्थानीय नागरिकों के प्रयासों को भी महत्वपूर्ण बताया.

ये भी पढ़ें: