scorecardresearch

Surat Railway Station Delivery News: सूरत रेलवे स्टेशन के बाहर महिला को अचानक शुरू हुई प्रसव पीड़ा, ट्रैफिक पुलिस चौकी में गूंजी बच्चे की किलकारी

सूरत रेलवे स्टेशन के बाहर ट्रेन पकड़ने की तैयारी में खड़ी गर्भवती महिला को अचानक तेज प्रसव पीड़ा होने लगी. मुस्तैद ट्रैफिक पुलिस और टीआरबी जवानों ने महिला को पुलिस चौकी पहुंचाकर इमरजेंसी मेडिकल स्टाफ की मदद से सुरक्षित डिलीवरी कराई.

Advertisement
Railway Station Delivery News Railway Station Delivery News

सूरत रेलवे स्टेशन के बाहर उस वक्त भावुक और खुशी का माहौल बन गया, जब अचानक प्रसव पीड़ा से परेशान एक गर्भवती महिला को ट्रैफिक पुलिस और ट्रैफिक ब्रिगेड के जवानों ने समय रहते मदद पहुंचाई. महिला को तुरंत नजदीकी ट्रैफिक पुलिस चौकी ले जाया गया, जहां मेडिकल स्टाफ की मौजूदगी में उसने एक बच्चे को जन्म दिया. बच्चे के जन्म के बाद ट्रैफिक पुलिस चौकी में उसकी किलकारियां गूंज उठीं.

स्टेशन के बाहर अचानक शुरू हुई प्रसव पीड़ा
जानकारी के मुताबिक, घटना दोपहर करीब 3 बजकर 20 मिनट की बताई जा रही है. सूरत रेलवे स्टेशन के बाहर एक दंपती अपने बच्चे के साथ मध्य प्रदेश जाने के लिए रवाना होने की तैयारी में खड़ा था. इसी दौरान गर्भवती महिला को अचानक तेज प्रसव पीड़ा होने लगी. दर्द बढ़ने पर महिला रोने लगी. उसकी हालत देखकर आसपास मौजूद लोगों का ध्यान भी उसकी ओर गया. उस समय रेलवे स्टेशन के बाहर ट्रैफिक संचालन में तैनात टीआरबी और ट्रैफिक ब्रिगेड के जवानों ने महिला के पति से उसकी परेशानी के बारे में जानकारी ली. पति ने जवानों को बताया कि उसकी पत्नी गर्भवती है और उसे अचानक प्रसव पीड़ा शुरू हो गई है.

ट्रैफिक पुलिस चौकी में ले गए जवान
महिला की स्थिति को देखते हुए ट्रैफिक ब्रिगेड के जवानों ने बिना समय गंवाए उसे नजदीक स्थित ट्रैफिक पुलिस चौकी पहुंचाया. इसके साथ ही रेलवे स्टेशन पर मौजूद इमरजेंसी मेडिकल स्टाफ को भी तत्काल सूचना दी गई और उन्हें मौके पर बुलाया गया. इसी दौरान महिला की प्रसव पीड़ा और बढ़ गई. इसके बाद ट्रैफिक पुलिस चौकी के अंदर ही उसने एक बच्चे को जन्म दिया. कुछ ही देर में चौकी का माहौल पूरी तरह बदल गया और वहां बच्चे की किलकारियां गूंजने लगीं.

मेडिकल स्टाफ की मदद से कराई गई डिलीवरी
मौके पर मौजूद ट्रैफिक पुलिस और टीआरबी के जवानों ने महिला की मदद की. मेडिकल स्टाफ की सहायता से महिला को जरूरी प्राथमिक देखभाल दी गई. बच्चे के जन्म के बाद तत्काल एंबुलेंस को सूचना दी गई. सूचना मिलते ही एंबुलेंस मौके पर पहुंची और जच्चा-बच्चा दोनों को आगे की चिकित्सकीय जांच और उपचार के लिए सिविल अस्पताल ले जाया गया.

घटना के वीडियो भी सामने आए
इस पूरी घटना के कुछ वीडियो भी सामने आए हैं. इनमें ट्रैफिक पुलिस चौकी के बाहर मौजूद जवानों और मौके पर चल रही गतिविधियां दिखाई दे रही हैं. अचानक आई इस परिस्थिति में ट्रैफिक पुलिस और टीआरबी जवानों की तत्परता के चलते महिला को समय पर मदद मिल सकी और सुरक्षित रूप से बच्चे का जन्म कराया जा सका.

ACP एसआर टंडेल ने की मामले की पुष्टि
सूरत ट्रैफिक पुलिस के रिजयन-2 के इंचार्ज एसीपी एसआर टंडेल ने इस मामले की पुष्टि की है. उन्होंने बताया कि महिला को प्रसव पीड़ा होने की जानकारी मिलते ही जवान मदद के लिए आगे आए थे. उन्होंने बताया कि महिला और उसके पति को ट्रैफिक पुलिस चौकी में लेकर जाया गया. इसके बाद रेलवे स्टेशन पर मौजूद मेडिकल इमरजेंसी स्टाफ के डॉक्टर को बुलाकर लाया गया. डॉक्टर और मेडिकल स्टाफ की मदद से महिला की नॉर्मल डिलीवरी कराई गई. डिलीवरी के बाद एंबुलेंस को बुलाया गया और जच्चा-बच्चा दोनों को न्यू सिविल अस्पताल पहुंचाया गया.
 

ये भी पढ़ें