गर्मी के मौसम में एक खास फल मिलता है जो सेहत के लिए किसी संजीवनी से कम नहीं होता. खट्टा-मीठा स्वाद वाला यह फल केवल दो महीने तक ही बाजार में देखने को मिलता है. इसका अनोखा स्वाद और ठंडी तासीर इसे गर्मियों में खास बनाती है. चलिए जानते हैं इस फल के बारे में.
ये फल कुछ और नहीं बल्कि जंगल जलेबी है. जंगल जलेबी को देश के अलग-अलग हिस्सों में गंगा इमली, मद्रास थॉर्न या किकर जैसे नामों से भी जाना जाता है. यह कांटेदार पेड़ पर उगता है और इसके फल जलेबी की तरह मुड़े हुए होते हैं.
स्वास्थ्य के लिहाज से भी जंगल जलेबी बेहद लाभकारी मानी जाती है. आयुर्वेद के अनुसार, इसका सेवन इम्युनिटी बढ़ाने में मदद करता है और शरीर को ठंडक प्रदान करता है. यह पाचन तंत्र को दुरुस्त रखने, त्वचा रोगों में राहत देने और आंखों की रोशनी बेहतर करने में भी सहायक होता है.
इसके अलावा यह फल दिल की सेहत के लिए भी फायदेमंद माना जाता है. यह बैड कोलेस्ट्रॉल को कम कर गुड कोलेस्ट्रॉल को बढ़ाने में मदद करता है, जिससे हार्ट अटैक और स्ट्रोक जैसी बीमारियों का खतरा कम हो सकता है. साथ ही यह खांसी, दमा, मधुमेह और सूजन जैसी समस्याओं में भी उपयोगी बताया गया है.
जंगल जलेबी को कच्चा खाया जा सकता है. कई लोग इसे सुखाकर चूर्ण बनाकर पानी के साथ खाते हैं. सीमित समय के लिए मिलने वाला यह फल न सिर्फ स्वादिष्ट होता है, बल्कि गर्मियों में सेहत को भी बेहतर बनाए रखने में मदद करता है.