H1N1
H1N1
दिल्ली में H1N1 यानी स्वाइन फ्लू के बढ़ते मामलों को देखते हुए दिल्ली सरकार का शिक्षा विभाग सतर्क हो गया है. छात्रों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सरकारी, सहायता प्राप्त और निजी स्कूलों के लिए जरूरी स्वास्थ्य सावधानियां बरतने के निर्देश जारी किए गए हैं. स्कूलों से H1N1 की रोकथाम के लिए छात्रों और अभिभावकों के बीच जागरूकता बढ़ाने को कहा गया है.
H1N1 के लक्षणों को लेकर जागरूकता
शिक्षा विभाग ने स्कूलों को निर्देश दिया है कि छात्रों को H1N1 के संभावित लक्षणों की जानकारी दी जाए. इनमें खांसी, गले में खराश, बुखार, सिरदर्द और सांस लेने में परेशानी जैसे लक्षण शामिल हैं. ऐसे लक्षण दिखाई देने पर छात्रों और उनके परिवारों को डॉक्टर से सलाह लेने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा.
साफ-सफाई और हाथ धोने पर जोर
स्कूलों में छात्रों को नियमित रूप से साबुन और पानी से हाथ धोने के लिए प्रेरित किया जाएगा. छींकते या खांसते समय नाक और मुंह को ढकने तथा इस्तेमाल किए गए टिश्यू को सही तरीके से फेंकने की सलाह दी गई है. स्कूलों में कक्षाओं और बार-बार छुई जाने वाली सतहों की नियमित सफाई करने के भी निर्देश हैं.
बीमार लोगों से दूरी रखने की सलाह
शिक्षा विभाग ने छात्रों और स्कूल स्टाफ को बीमार व्यक्ति से उचित दूरी बनाए रखने की सलाह दी है. जरूरत पड़ने पर मास्क का इस्तेमाल करने के लिए भी जागरूक किया जाएगा. स्कूल परिसर और सार्वजनिक स्थानों पर थूकने से रोकने के लिए जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं.
पौष्टिक भोजन और पर्याप्त आराम जरूरी
गाइड लाइन में छात्रों को पर्याप्त पानी पीने, पौष्टिक भोजन लेने और पर्याप्त आराम करने पर भी जोर दिया गया है. साथ ही बिना डॉक्टर की सलाह के एंटीबायोटिक्स या अन्य दवाएं लेने से बचने की सलाह दी गई है.
प्रार्थना सभा और डिजिटल प्लेटफॉर्म से जागरूकता
स्कूल प्रार्थना सभा, नोटिस बोर्ड और डिजिटल प्लेटफॉर्म के जरिए H1N1 से बचाव की जानकारी छात्रों तक पहुंचाएंगे. शिक्षा विभाग ने डिप्टी डायरेक्टर ऑफ एजुकेशन यानी DDE को स्कूलों में इन गाइडलाइंस के पालन की निगरानी करने के निर्देश भी दिए हैं.
ये भी पढ़ें: