scorecardresearch

Eye Drops Side Effects: बिना डॉक्टर की सलाह के आंखों में डालते हैं आई ड्रॉप? हो सकता है बड़ा नुकसान... जा सकती है रोशनी भी

आंखों में जलन, खुजली या लालिमा होने पर खुद से आई ड्रॉप डालना खतरनाक हो सकता है. यह एलर्जी, वायरल संक्रमण, बैक्टीरियल संक्रमण या आंखों में सूखापन होने की वजह से भी हो सकता है. हर परेशानी के लिए अलग दवा की जरूरत होती है. ऐसे में बिना डॉक्टर की सलाह के कोई भी आई ड्रॉप सेहत के लिए ठीक नहीं.

Advertisement
AI Generated Image AI Generated Image

आंखों में जलन, खुजली या लालिमा होने पर कई लोग तुरंत मेडिकल स्टोर से आई ड्रॉप खरीदकर इस्तेमाल करने लगते हैं. कुछ लोग तो घर में पहले से रखी पुरानी आई ड्रॉप भी आंखों में डाल लेते हैं. शुरुआत में इससे थोड़ी राहत मिल सकती है, लेकिन बिना डॉक्टर की सलाह के आई ड्रॉप का इस्तेमाल करना खतरनाक हो सकता है. गलत दवा आंखों की परेशानी को बढ़ा सकती है और लंबे समय तक इस्तेमाल करने से नजर को भी नुकसान पहुंच सकता है. आइए जानते हैं बिना सलाह के आई ड्रॉप इस्तेमाल करने से क्या-क्या नुकसान हो सकते हैं.

स्टेरॉयड वाली आई ड्रॉप से बढ़ सकता है आंखों का प्रेशर

कुछ आई ड्रॉप में स्टेरॉयड होता है. डॉक्टर आंखों की कुछ खास बीमारियों में इसका इस्तेमाल करने की सलाह देते हैं. लेकिन बिना जांच के ऐसी ड्रॉप डालना नुकसानदायक हो सकता है. इसके ज्यादा इस्तेमाल से आंखों के अंदर दबाव बढ़ सकता है. इससे ग्लूकोमा यानी काला मोतिया होने का खतरा रहता है. लंबे समय तक इस्तेमाल करने पर मोतियाबिंद की परेशानी भी हो सकती है. इसलिए स्टेरॉयड वाली आई ड्रॉप कभी भी अपनी मर्जी से न डालें.

गलत आई ड्रॉप से बढ़ सकता है संक्रमण

आंखों में लालिमा, खुजली और जलन होने के पीछे कई कारण हो सकते हैं. यह एलर्जी, वायरल संक्रमण, बैक्टीरियल संक्रमण या आंखों में सूखापन होने की वजह से भी हो सकता है. हर परेशानी के लिए अलग दवा की जरूरत होती है. ऐसे में बिना जांच के गलत आई ड्रॉप डालने से संक्रमण बढ़ सकता है. कई बार दवा से कुछ समय के लिए आराम मिलता है, लेकिन असली समस्या बनी रहती है.

पुरानी और दूसरे की आई ड्रॉप इस्तेमाल करना खतरनाक

कई लोग घर में रखी पुरानी आई ड्रॉप का इस्तेमाल करने लगते हैं. ऐसा करना भी सही नहीं है. एक्सपायर हो चुकी या लंबे समय से खुली हुई बोतल में कीटाणु हो सकते हैं. इसके अलावा किसी दूसरे व्यक्ति की इस्तेमाल की हुई आई ड्रॉप लगाने से भी संक्रमण फैल सकता है. इसलिए अपनी आई ड्रॉप किसी दूसरे व्यक्ति के साथ साझा न करें.

आंखों में परेशानी होने पर क्या करें?

अगर आंखों में लगातार जलन, दर्द, लालिमा, पानी आना या धुंधला दिखाई देने जैसी समस्या हो, तो खुद से दवा न लें. सबसे पहले आंखों के डॉक्टर से जांच कराएं. डॉक्टर आपकी परेशानी के अनुसार सही आई ड्रॉप और उसकी मात्रा बताएंगे. दवा डालने से पहले हाथ अच्छी तरह साफ करें और बोतल की नोक को आंख से न छुएं. अगर अचानक नजर कम होने लगे, तेज दर्द हो या आंख में चोट लगे, तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें.

आई ड्रॉप इस्तेमाल करते समय इन बातों का रखें ध्यान

आई ड्रॉप हमेशा डॉक्टर की सलाह के अनुसार ही इस्तेमाल करें. दवा की एक्सपायरी डेट जरूर देखें. बोतल खोलने के बाद कितने समय तक इस्तेमाल करना है, इसकी जानकारी भी लें. आंखों में परेशानी ठीक होने पर भी डॉक्टर की सलाह के बिना दवा की मात्रा न बदलें.