Homemade ORS
Homemade ORS
गर्मी के मौसम में डिहाइड्रेशन की समस्या काफी होती है. अधिक पसीना आने, दस्त, उल्टी या बुखार के कारण शरीर से पानी और जरूरी मिनरल्स बाहर निकल जाते हैं. ऐसी स्थिति में शरीर को दोबारा हाइड्रेट करने के लिए ORS (ओरल रिहाइड्रेशन सॉल्यूशन) सबसे प्रभावी उपायों में से एक माना जाता है. डॉक्टर और स्वास्थ्य विशेषज्ञ भी डिहाइड्रेशन की स्थिति में ORS पीने की सलाह देते हैं. हालांकि, कई बार घर में ORS का पैकेट उपलब्ध नहीं होता. ऐसे में आप इसे आसानी से घर पर भी तैयार कर सकते हैं. चलिए जानते हैं कैसे...
क्या है ORS और क्यों है जरूरी?
ORS एक ऐसा घोल है जो शरीर में पानी और इलेक्ट्रोलाइट्स जैसे सोडियम और पोटैशियम की कमी को पूरा करने में मदद करता है. दस्त, उल्टी, बुखार या ज्यादा पसीना आने के कारण होने वाले डिहाइड्रेशन के खतरे को यह कम कर सकता है. साथ ही यह शरीर को ऊर्जा देने, कमजोरी दूर करने और तरल पदार्थों का संतुलन बनाए रखने में भी मददगार होता है. बच्चों और वयस्कों दोनों के लिए यह काफी फायदेमंद माना जाता है.
घर पर कैसे बनाएं ORS?
घर पर ORS बनाना बेहद आसान है. इसके लिए आपको केवल तीन चीजों की जरूरत होगी.
1 लीटर साफ और उबला हुआ ठंडा पानी
6 छोटी चम्मच चीनी
आधी छोटी चम्मच नमक
सबसे पहले 1 लीटर पानी लें. इसमें 6 छोटी चम्मच चीनी और आधी छोटी चम्मच नमक डालें. अब इस मिश्रण को अच्छी तरह घोल लें ताकि नमक और चीनी पूरी तरह पानी में मिल जाएं. आपका घरेलू ORS तैयार है.
ORS बनाते समय रखें इन बातों का ध्यान
ORS बनाते समय नमक और चीनी की मात्रा सही रखना बेहद जरूरी है. ज्यादा नमक या ज्यादा चीनी स्वास्थ्य के लिए नुकसानदायक हो सकती है. हमेशा साफ और सुरक्षित पानी का ही इस्तेमाल करें. तैयार ORS को 24 घंटे के भीतर पी लेना चाहिए. इसके बाद नया घोल बनाना बेहतर माना जाता है.
ये भी पढ़ें: