Digestion Problems
Digestion Problems
कई बार ऐसा होता है कि डिनर में हल्का खाना खाते हैं, फिर भी पेट में भारीपन, गैस या एसिडिटी जैसी परेशानी महसूस होती हैं. ऐसे में अक्सर लोग खाने के ऊफर आरोप मढ़ देते हैं, जबकि असली वजह हमारी रोजमर्रा की कुछ आदतें होती हैं. दरअसल, डिनर के बाद हम जो छोटी-छोटी गलतियां करते हैं, वही हमारे डाइजेशन पर गहरा असर डालती हैं. अगर इन आदतों पर समय रहते ध्यान न दिया जाए, तो धीरे-धीरे डाइजेस्टिव सिस्टम कमजोर हो सकता है और पेट से जुड़ी परेशानियां बढ़ सकती हैं. इसलिए यह समझना बेहद जरूरी है कि खाने के बाद किन आदतों से दूरी बनानी चाहिए.
खाने के तुरंत बाद लेटने से बचें
डिनर के बाद तुरंत बिस्तर पर लेटना सबसे आम आदतों में से एक है. ऐसा करने से डाइजेशन धीमा हो जाता है और खाना ठीक से नहीं पच पाता. इसके चलते एसिडिटी, गैस और पेट फूलने जैसी परेशानियां शुरू हो सकती हैं. जब आप लेटते हैं, तो पेट का एसिड ऊपर की ओर आ सकता है, जिससे सीने में जलन महसूस होती है. बेहतर होगा कि भोजन के बाद कम से कम 30 मिनट तक सीधे बैठें या हल्की-फुल्की एक्टिविटी करें.
चाय-कॉफी का बनाएं टाइम
बहुत से लोगों को खाना खाने के तुरंत बाद चाय या कॉफी पीने की आदत होती है. लेकिन यह आदत भी आपके स्वास्थ्य के लिए नुकसानदेह हो सकती है. चाय और कॉफी में मौजूद कैफीन शरीर में आयरन के अबजॉर्ब्शन को कम कर देते हैं, जिससे लंबे समय में कमजोरी या खून की कमी हो सकती है. इसलिए अगर आप इनका सेवन करना चाहते हैं, तो खाना खाने के कम से कम 45 मिनट बाद ही करें.
पानी पीने की मात्रा पर रखें ध्यान
खाने के फौरन बाद ज्यादा पानी पीना भी डाइजेशन के लिए सही नहीं माना जाता. इससे पेट में मौजूद डाइजेस्टिव एनजाइम पतले हो जाते हैं, जिससे भोजन को डाइजेस्ट की प्रोसेस धीमी पड़ जाती है. बार-बार ऐसा करने से मेटाबोलिज्म भी प्रभावित हो सकता है. हालांकि, खाने के दौरान थोड़ी-थोड़ी मात्रा में पानी पीना ठीक है, लेकिन भोजन के तुरंत बाद अधिक पानी पीने से बचना चाहिए.