Nariyal pani alternative: AI Image
Nariyal pani alternative: AI Image
आजकल लोग अपनी सेहत को लेकर काफी जागरूक हो गए हैं. खासकर बदलते मौसम और बढ़ती गर्मी के बीच लोग अपनी डाइट में ऐसे पेय शामिल करने की कोशिश कर रहे हैं, जो उन्हें फायदे दे सकें. नारियल पानी भी एक ऐसा ही ड्रिंक है, जिसे कई सालों से बेहद फायदेमंद माना जाता रहा है. यह शरीर को तुरंत ऊर्जा देने के साथ-साथ डिहाइड्रेशन से भी बचाता है, इसलिए इसे लोग खासतौर पर गर्मियों में पसंद करते हैं. लेकिन मौजूदा समय में इसकी कीमत 100 रुपये प्रति पीस तक पहुंच गई है. बढ़ती कीमतों के कारण यह अब आम लोगों जेब से बाहर होता जा रहा है. ऐसे में लोग इसके सस्ते और असरदार विकल्पों की ओर रुख कर रहे हैं, जो शरीर को ठंडक और हाइड्रेशन देने में मदद करते हैं.
क्यों खास माना जाता है नारियल पानी?
नारियल पानी में पोटैशियम, मैग्नीशियम, कैल्शियम और प्राकृतिक शुगर होती है. यह शरीर को तुरंत हाइड्रेशन देता है और इलेक्ट्रोलाइट बैलेंस बनाए रखने में मदद करता है. डॉक्टर इसे गर्मी में लू और डिहाइड्रेशन से बचाने के लिए अच्छा मानते हैं, लेकिन यहां नारियल पानी के कुछ सस्ते विकल्पभी हैं.
छाछ- सबसे सस्ता और सबसे प्रभावी विकल्प
गर्मियों में छाछ को नारियल पानी का सबसे मजबूत विकल्प माना जा रहा है. दही से बनी यह ड्रिंक शरीर को ठंडक देती है और पाचन सुधारती है. इसमें मौजूद प्रोबायोटिक्स आंतों के लिए फायदेमंद होते हैं और यह शरीर में पानी की कमी को पूरा करने में मदद करती है. सबसे बड़ी बात यह है कि यह बेहद सस्ती और घर में आसानी से बनने वाली ड्रिंक है.
नींबू पानी- देसी इलेक्ट्रोलाइट बूस्टर
नींबू पानी यानी पानी में नींबू, नमक और थोड़ी चीनी या शहद मिलाकर तैयार किया जाने वाला पेय. यह शरीर को तुरंत एनर्जी देता है और विटामिन C की कमी पूरी करता है. यह गर्मी में सबसे तेज हाइड्रेशन देने वाले घरेलू विकल्पों में से एक है, जो नारियल पानी की तरह ही इलेक्ट्रोलाइट संतुलन बनाए रखने में मदद करता है.
सत्तू ड्रिंक- प्रोटीन और एनर्जी का पावर पैक
भुने हुए चने यानी सत्तू का शरबत अब शहरों में भी लोकप्रिय हो रहा है. यह प्रोटीन से भरपूर होता है और लंबे समय तक पेट भरा रखता है. नींबू, नमक और पानी के साथ मिलाकर बनाया जाने वाला ये एनर्जी ड्रिंक गर्मी में शरीर को अंदर से ठंडक और ताकत देता है.
आम पना-लू से बचाएगा आम पना
कच्चे आम से बनने वाला आम पना शरीर को लू से बचाने में मदद करता है. इसमें मौजूद मिनरल्स और प्राकृतिक तत्व शरीर के तापमान को नियंत्रित रखते हैं. यह पारंपरिक पेय खासकर उत्तर भारत में गर्मियों के दौरान बेहद लोकप्रिय है आप चाहें तो नारियल पानी की जगह इसे भी ले सकते हैं.