scorecardresearch

खड़े होते ही तेज धड़कता है दिल, फिर गिरने लगे दांत, जानिए क्या है PoTS बीमारी और क्या है इलाज

हालांकि PoTS सीधे तौर पर दांतों को नुकसान नहीं पहुंचाता, लेकिन इससे जुड़ी अन्य समस्याएं जैसे ऑटोइम्यून डिसऑर्डर, पोषण की कमी, बार-बार उल्टी या एसिड रिफ्लक्स दांतों की एनामेल (ऊपरी परत) को नुकसान पहुंचा सकती हैं. लगातार उल्टी या एसिड रिफ्लक्स से दांतों की ऊपरी परत घुलने लगती है.

Postural Tachycardia Syndrome Postural Tachycardia Syndrome
हाइलाइट्स
  • क्या है पोस्टुरल टैकीकार्डिया सिंड्रोम?

  • खड़े होते ही दिल की धड़कन हो जाती है तेज

यूके की 20 वर्षीय छात्रा एलुइज हैरिस एक दुर्लभ कंडीशन का सामना कर रही है जिसके चलते उसके सारे दांत टूट गए हैं. इस बीमारी ने न सिर्फ उनकी सेहत पर असर डाला है, बल्कि उसका कॉन्फिडेंस भी कम किया है वो लोगों के बीच जाने से भी कतराने लगी हैं.

एलुइज को 12 साल की उम्र से ही Postural Tachycardia Syndrome (PoTS) का पता चला था. पिछले नौ महीनों में उनकी हालत अचानक बिगड़ गई, जिसका असर उनके दांतों और पूरे शरीर पर दिखने लगा.

क्या है पोस्टुरल टैकीकार्डिया सिंड्रोम?
PoTS एक ऑटोनॉमिक नर्वस सिस्टम से जुड़ी बीमारी है. ऑटोनॉमिक नर्वस सिस्टम शरीर के उन कामों को कंट्रोल करता है जो अपने-आप चलते हैं. इस बीमारी में जब व्यक्ति बैठी या लेटी हुई स्थिति से खड़ा होता है तो उसका हार्ट रेट असामान्य रूप से तेजी से बढ़ जाता है. सामान्य तौर पर खड़े होने पर दिल की धड़कन 10-15 बीट प्रति मिनट बढ़ती है, लेकिन PoTS में यह 30 बीट या उससे ज्यादा बढ़ सकती है. इससे शरीर में ब्लड फ्लो का संतुलन बिगड़ जाता है.

PoTS के लक्षण क्या हैं?
खड़े होते ही दिल की धड़कन तेज होना
जरूरत से ज्यादा थकान
चक्कर आना या बेहोशी
कमजोरी महसूस होना
सिरदर्द
मतली
ध्यान लगाने में कठिनाई
एलुइज को अक्सर कमजोरी, थकान और कभी-कभी बेहोशी जैसे लक्षण महसूस होते थे.

क्यों टूटने लगे दांत?
हालांकि PoTS सीधे तौर पर दांतों को नुकसान नहीं पहुंचाता, लेकिन इससे जुड़ी अन्य समस्याएं जैसे ऑटोइम्यून डिसऑर्डर, पोषण की कमी, बार-बार उल्टी या एसिड रिफ्लक्स दांतों की एनामेल (ऊपरी परत) को नुकसान पहुंचा सकती हैं. लगातार उल्टी या एसिड रिफ्लक्स से दांतों की ऊपरी परत घुलने लगती है. कैल्शियम और विटामिन D की कमी दांतों को कमजोर बनाती है. एलुइज के मामले में पिछले नौ महीनों में उनकी ऑटोइम्यून स्थिति बिगड़ने से दांत तेजी से कमजोर हुए और गिरने लगे. इससे वे ठीक से खाना भी नहीं खा पा रहीं, जिसके कारण उनका वजन करीब 13 किलो तक घट गया है.

ड्रग एडिक्ट समझ लेते हैं लोग
एलुइज का कहना है कि उन्हें अक्सर लोग गलत समझ लेते हैं. कुछ लोग उन्हें ड्रग एडिक्ट समझ लेते हैं या यह मान लेते हैं कि वे दांतों की सफाई नहीं करतीं. इस वजह से वो पब्लिक में जाने से घबराती हैं. अब उन्हें मुस्कुराने में शर्म आती है. वे खुद को सुंदर महसूस नहीं करतीं. स्ट्रेस की वजह से उनके बाल भी पतले हो गए हैं और चेहरा पीला दिखाई देता है.

इलाज क्या है?
PoTS का फिलहाल कोई स्थायी इलाज नहीं है, लेकिन लक्षणों को कंट्रोल किया जा सकता है. डॉक्टर आमतौर पर ये उपाय सुझाते हैं जैसे
पर्याप्त पानी और नमक का सेवन
हल्का नियमित व्यायाम
कंप्रेशन स्टॉकिंग पहनना
हार्ट रेट नियंत्रित करने वाली दवाएं
संतुलित और पोषक आहार

विशेषज्ञों का कहना है कि लंबे समय तक थकान या बार-बार बेहोशी को नजरअंदाज न करें. खड़े होते ही दिल की धड़कन तेज हो तो जांच कराएं.