scorecardresearch

Zero Oil Breakfast Recipe: नाश्ते में नहीं होगा एक बूंद भी तेल.. खाने में आएगा स्वाद, न्यूट्रिशन मिलेगा वो अलग

आजकल लोग हेल्दी डाइट की ओर तेजी से बढ़ रहे हैं और इसी वजह से बिना तेल वाले नाश्ते यानी 'जीरो ऑयल ब्रेकफास्ट' की लोकप्रियता भी बढ़ रही है. ऐसे में हम आपको कुछ ऐसी रेसिपी बताते हैं, जो बिना तेल के बनती है.

Representative Image Representative Image

हमारा खान-पान हमारे स्वास्थ्य पर गहरा प्रभाव डालता है. कई बीमारियों की शुरुआत गलत खाने की आदतों से ही होती है. ऐसे में अगर सुबह की शुरुआत हेल्दी भोजन से की जाए तो शरीर को पूरे दिन के लिए सही ऊर्जा मिलती है. आजकल लोग हेल्दी डाइट की ओर तेजी से बढ़ रहे हैं और इसी वजह से बिना तेल वाले नाश्ते यानी 'जीरो ऑयल ब्रेकफास्ट' की लोकप्रियता भी बढ़ रही है. अच्छी बात यह है कि ऐसे कई स्वादिष्ट और पौष्टिक नाश्ते हैं जिन्हें घर पर बहुत आसानी से बनाया जा सकता है. इन्हें तैयार करने में ज्यादा समय भी नहीं लगता और ये सेहत के लिए भी फायदेमंद होते हैं.

हल्का और पौष्टिक है ओट्स उपमा
अगर आप बिना तेल के हेल्दी नाश्ता करना चाहते हैं, तो ओट्स उपमा एक शानदार विकल्प हो सकता है. इसे बनाने के लिए सबसे पहले पानी गर्म करें और उसमें ओट्स डाल दें. इसके बाद इसमें बारीक कटे हुए प्याज, टमाटर और अपनी पसंद की सब्जियां जैसे गाजर, मटर या शिमला मिर्च मिला दें. जब यह मिश्रण लगभग 5–10 मिनट तक पक जाए, तब इसमें स्वादानुसार नमक, लाल मिर्च और हल्दी पाउडर डालकर थोड़ी देर और पकाएं. इस तरह तैयार ओट्स उपमा हल्का, पौष्टिक और स्वाद में भी काफी अच्छा लगता है.

टेस्टी और प्रोटीन से भरपूर पनीर कॉर्न सलाद
अगर आप नाश्ते में कुछ हल्का लेकिन प्रोटीन से भरपूर खाना चाहते हैं, तो पनीर कॉर्न सलाद एक बेहतरीन विकल्प है. इसे बनाने के लिए नॉन-स्टिक पैन में पनीर के छोटे टुकड़ों को हल्का सा रोस्ट कर लें. इसके बाद इसमें कटा हुआ प्याज, टमाटर और स्वीट कॉर्न डालकर अच्छी तरह मिलाएं. स्वाद के लिए इसमें नमक और अपनी पसंद के मसाले डाल सकते हैं. अंत में चाट मसाला, काली मिर्च और नींबू का रस मिलाकर इसे सजाएं और तुरंत परोसें. यह सलाद स्वादिष्ट होने के साथ-साथ काफी पौष्टिक भी होता है.

सिंपल और भरपेट नाश्ता, आलू की रोटी
आलू की रोटी भी बिना तेल के बनने वाला एक अच्छा नाश्ता हो सकती है. इसे बनाने के लिए सबसे पहले आलू को उबालकर अच्छी तरह मैश कर लें. फिर इसमें नमक और अपनी पसंद के मसाले मिलाएं. इसके बाद इस मिश्रण को आटे में मिलाकर आटा गूंथ लें. अब इस आटे से रोटियां बनाकर नॉन-स्टिक तवे पर सेंक लें. यह रोटियां इतनी स्वादिष्ट होती हैं कि इन्हें किसी सब्जी के साथ खाने की भी जरूरत नहीं पड़ती. दही या चटनी के साथ इसका स्वाद और भी बढ़ जाता है.