wheatgrass juice
wheatgrass juice
आजकल अच्छी सेहत के लिए लोग अपनी डाइट में तरह-तरह के हेल्थ ड्रिंक्स शामिल कर रहे हैं. इन्हीं में से एक है व्हीटग्रास जूस, जिसे गेहूं की ताजी और नई उगी पत्तियों से तैयार किया जाता है. इसे पोषक तत्वों से भरपूर माना जाता है और कई लोग रोज सुबह खाली पेट इसका सेवन करते हैं. दावा किया जाता है कि यह शरीर को अंदर से मजबूत बनाने, पाचन सुधारने और ब्लड शुगर कंट्रोल करने में मदद कर सकता है. लेकिन क्या वाकई व्हीटग्रास जूस पीने से इतने फायदे मिलते हैं? आइए जानते हैं...
एंटीऑक्सीडेंट से भरपूर होता है व्हीटग्रास जूस
व्हीटग्रास जूस में क्लोरोफिल, फ्लेवोनोइड्स, विटामिन सी और ई जैसे पोषक तत्व पाए जाते हैं. इनमें एंटीऑक्सीडेंट गुण होते हैं, जो शरीर की कोशिकाओं को फ्री रेडिकल्स से होने वाले नुकसान से बचाने में मदद करते हैं. हालांकि, इसमें मौजूद एंटीऑक्सीडेंट की मात्रा इसे उगाने और तैयार करने के तरीके पर निर्भर करती है. लैब में हुए कुछ अध्ययनों में इसके एंटीऑक्सीडेंट गुण सामने आए हैं, लेकिन इंसानों में इसके बड़े स्वास्थ्य लाभों की अभी पुष्टि नहीं हुई है.
पाचन के लिए कितना फायदेमंद है?
व्हीटग्रास में कुछ प्राकृतिक एंजाइम और प्लांट कंपाउंड्स होते हैं. एक छोटे क्लिनिकल अध्ययन में पाया गया कि इसके जूस से अल्सरेटिव कोलाइटिस के कुछ मरीजों को राहत मिली थी. यह बीमारी आंतों में सूजन से जुड़ी होती है. हालांकि, इस रिसर्च में कम लोग शामिल थे. इसलिए यह कहना सही नहीं होगा कि व्हीटग्रास जूस पाचन से जुड़ी हर समस्या को ठीक कर सकता है.
ब्लड शुगर और कोलेस्ट्रॉल पर असर
कुछ जानवरों पर हुई रिसर्च में व्हीटग्रास से ब्लड शुगर और शरीर में फैट के स्तर पर असर देखने को मिला है. लेकिन इंसानों पर इसके पर्याप्त प्रमाण नहीं हैं. अभी यह साबित नहीं हुआ है कि इसका जूस पीने से डायबिटीज या कोलेस्ट्रॉल कंट्रोल होता है. ऐसे मरीजों को डॉक्टर की सलाह और दवाइयां जारी रखनी चाहिए.
क्या रोज पीना चाहिए व्हीटग्रास जूस?
व्हीटग्रास जूस में पोषक तत्व जरूर होते हैं, लेकिन इसे कोई जादुई हेल्थ ड्रिंक नहीं समझना चाहिए. इसके लंबे समय तक होने वाले फायदों को जानने के लिए अभी और रिसर्च की जरूरत है. अच्छी सेहत के लिए संतुलित खाना, रोज एक्सरसाइज करना, पर्याप्त नींद लेना और जरूरत पड़ने पर डॉक्टर की सलाह लेना ज्यादा जरूरी है.
ये भी पढ़ें: