Liver Health
Liver Health
लिवर (Liver) यानी यकृत (Yakrit) हमारे शरीर का बेहद महत्वपूर्ण अंग है. लिवर शरीर का दूसरा सबसे बड़ा आंतरिक अंग है, जो पेट के दाहिने ऊपरी हिस्से में स्थित होता है. लिवर हेपेटोसाइट्स नाम की विशेष कोशिकाओं से बना होता है. लिवर हमारे शरीर को स्वस्थ्य रखने के लिए 500 से अधिक कार्य करता है. लिवर से जुड़ी बीमारियों के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए हर साल 19 अप्रैल को वर्ल्ड लिवर डे (World Liver Day) मनाया जाता है.
विश्व लिवर दिवस 2026 का थीम 'सॉलिड हैबिट, स्ट्रॉन्ग लिवर' है. गलत लाइफस्टाइल और खान-पान की गड़बड़ी से लिवर पर बुरा प्रभाव पड़ता है. लिवर में यदि गड़बड़ी आ जाए तो शरीर का पूरा सिस्टम प्रभावित होता है. आपको मालूम हो कि गलत लाइफस्टाइल और खान-पान की गड़बड़ी की वजह से फैटी लिवर, हेपेटाइटिस, सिरोसिस और लिवर फेलियर जैसी लिवर से संबंधित गंभीर समस्याएं बढ़ती जा रही हैं. यहां आप जान सकते हैं लिवर का क्या होता है काम और इसको मजबूत करने के लिए क्या-क्या खाना चाहिए?
लिवर का क्या होता है काम
आपको मालूम हो कि लिवर शरीर का एकमात्र ऐसा अंग है, जिसमें खुद को दोबारा रीजनरेट करने की क्षमता होती है. इसका मतलब है कि यदि लिवर का कुछ हिस्सा खराब यानी डैमेज हो जाए तो यह फिर से ठीक हो सकता है.
एक स्वस्थ वयस्क व्यक्ति का लिवर 1.2 से 1.5 किलोग्राम तक का होता है. लिवर वैसे तो हमारे शरीर को स्वस्थ्य रखने के लिए 500 से अधिक कार्य करता है.
हम आपको इसके कुछ महत्वपूर्ण कार्यों के बारे में बता रहे हैं. लिवर के महत्वपूर्ण कार्यों में से सबसे अहम काम है भोजन को उपयोगी ऊर्जा और पोषक तत्वों में बदलना. जब हम खाना खाते हैं तो लिवर कार्बोहाइड्रेट को ग्लूकोज में बदलता है. इतना ही नहीं जरूरत पड़ने पर इसे स्टोर भी करता है. लिवर खून को फिल्टर करता है. खून में मौजूद हानिकारक तत्वों को बाहर निकालने में मदद करता है. लिवर पित्त बनाता है, जो फैट को पचाने में मदद करता है. लिवर के खराब होने पर शरीर वसा को सही से नहीं पचा सकता. हार्मोन बैलेंस करने, इम्यूनिटी को मजबूत करने में भी लिवर महत्वपूर्ण रोल निभाता है. लिवर के ठीक रहने पर पाचन तंत्र ठीक रहता है. स्किन ग्लोइंग और एनर्जी लेवल सही रहता है.
लिवर सही से न करे काम तो होता है बड़ा नुकसान
आपको मालूम हो कि लिवर यदि सही से काम न करे तो शरीर को बड़ा नुकसान होता है. इसके चलते फैटी लिवर, हेपेटाइटिस, सिरोसिस और लिवर फेलियर जैसी गंभीर समस्याएं हो सकती हैं. लिवर की बीमारी के कारण भूख नहीं लगता है. शरीर कमजोर हो जाता है, जिससे हमेशा थकान बनी रहती है. मतली और पेट फूलने जैसी समस्याएं हो सकती हैं. पीलिया रोग हो सकता है. लिवर के सही से काम नहीं करने पर शरीर में टॉक्सिन्स जमा होने लगते हैं, जिससे मानसिक भ्रम, खुजली और ब्रेन फंक्शन तक प्रभावित हो सकता है.
रखें इन बातों का ध्यान
यदि लिवर को सही रखना है तो हमें अपने खान-पान पर विशेष ध्यान रखना चाहिए. हरी सब्जियां, फल, साबुत अनाज, नट्स और फाइबर युक्त भोजन करना चाहिए. मसाला और तला-भुना नहीं खाना चाहिए. बहुत ज्यादा मीठा और प्रोसेस्ड फूड खाने से भी परहेज करना चाहिए. शराब-धूम्रपान लिवर को सबसे अधिक नुकसान पहुंचाते हैं, ऐसे में इन्हें तुरंत छोड़ देना चाहिए. लिवर को हेल्दी रखने के लिए वजन नियंत्रित रखना जरूरी है. मोटापा फैटी लिवर सहित कोई रोगों का प्रमुख कारण है. डॉक्टर की सलाह के बिना दवाओं का अधिक सेवन भी लिवर पर बुरा असर डालता है.
लिवर को ठीक रखने के लिए इन चीजों का डाइट में करें शामिल
मेडिकल रिसर्च के मुताबिक लिवर को एकदम ठीक रखने में हमारी रोज की डाइट बहुत बड़ी भूमिका निभाती है. कुछ नेचुरल चीजें ऐसी होती हैं, जो लिवर को साफ करने और मजबूत बनाने में मदद करती हैं. इन्हें रोजाना खाने से लिवर लंबे समय तक सही तरीके से काम करता है.
1. हरी पत्तेदार सब्जियां
लिवर के लिए हरी पत्तेदार सब्जियां अच्छी मानी जाती हैं. आप पालक, मेथी, ब्रोकली, सरसों का साग खा सकते हैं. ये सब्जियां एंटीऑक्सीडेंट्स और फाइबर से भरपूर होती हैं, जो शरीर से हानिकारक तत्वों को बाहर निकालने में मदद करती हैं. इन सब्जियों में मौजूद क्लोरोफिल खून को साफ करने में सहायता करता है, जिससे लिवर का काम आसान हो जाता है.
2. लहसुन
आप लिवर को मजबूत करने के लिए लहसुन का सेवन कर सकते हैं. लहसुन में मौजूद सल्फर कंपाउंड्स लीवर एंजाइम्स को एक्टिव करते हैं. इससे शरीर की डिटॉक्स क्षमता बढ़ती है. लहसुन हानिकारक टॉक्सिन्स को बाहर निकालने में मदद करता है और लिवर को इंफेक्शन से भी बचाता है. लहसुन के नियमित सेवन लिवर की कार्यक्षमता और बेहतर होती है. ब
3. हल्दी
लिवर को सही रखने में हल्दी भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है. ऐसे में आप अपने खाने में हल्दी का इस्तेमाल जरूर करें. हल्दी में मौजूद करक्यूमिन नामक तत्व सूजन कम करता है और लिवर की कोशिकाओं को ठीक करने में मदद करता है. हल्दी लिवर को नुकसान पहुंचाने वाले तत्वों से भी बचाती है और शरीर को अंदर से मजबूत बनाती है.
4. नींबू
नींबू का सेवन भी लिवर की सेहत के लिए अच्छा माना जाता है. नींबू में विटामिन सी और एंटीऑक्सीडेंट्स होते हैं, जो लिवर को साफ रखने में मदद करते हैं. नींबू शरीर में फैट को पचाने की प्रक्रिया को तेज करता है, जिससे लिवर में जमी चर्बी कम होती है. रोज सुबह गुनगुने पानी में नींबू का सेवन डिटॉक्स के लिए फायदेमंद माना जाता है.
5. ग्रीन टी
लिवर की सेहत के लिए ग्रीन टी भी अच्छी मानी जाती है. ग्रीन टी में मौजूद कैटेचिन्स लीवर को डिटॉक्स करने और फैटी लिवर के जोखिम को कम करने में मदद करते हैं. ग्रीन टी शरीर में मेटाबॉलिज्म को भी सुधारती है, जिससे लिवर पर अतिरिक्त फैट जमा होने की संभावना कम हो जाती है.