scorecardresearch

ट्रेन में युवती से दुष्कर्म, फरार टीटीई पर 10 हजार का इनाम घोषित, सीट दिलाने के बहाने केबिन में ले गया और...

अहमदाबाद से गोरखपुर आ रही ट्रेन में युवती से एक TTE ने चलती ट्रेन में रेप करने की कोशिश की. युवती के अनुसार उसने एक शिकायत पत्र गोरखपुर रेलवे पुलिस को दिया है.

प्रतीकात्मक तस्वीर प्रतीकात्मक तस्वीर
हाइलाइट्स
  • सीट दिलाने के बहाने केबिन में ले गया

  • देवरिया स्टेशन पर उतरकर फरार

गोरखपुर-अहमदाबाद एक्सप्रेस ट्रेन में एनसीसी कैडेट युवती से दुष्कर्म के मामले में फरार टीटीई राहुल कुमार पर 10 हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया है. आरोपी पूर्वोत्तर रेलवे (एनईआर) के वाराणसी डिवीजन में तैनात बताया जा रहा है.

एसपी रेलवे गोरखपुर लक्ष्मी निवास मिश्र ने टेलीफोनिक बातचीत में बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित कर दी गई है. साथ ही उसके निलंबन के लिए संबंधित विभाग को पत्र भेजा गया है.

सीट दिलाने के बहाने केबिन में ले गया
घटना रविवार की बताई जा रही है. पीड़िता मऊ जिले की रहने वाली है और गोरखपुर में किराए पर रहकर भर्ती की तैयारी कर रही है. वह एनसीसी ‘सी’ सर्टिफिकेट परीक्षा देने मऊ गई थी. लौटते समय भीड़ अधिक होने के कारण वह टिकट नहीं ले सकी और अहमदाबाद-गोरखपुर एक्सप्रेस के एसी कोच में चढ़ गई.

युवती ने टीटीई से टिकट बनाकर सीट दिलाने का अनुरोध किया. आरोप है कि टीटीई राहुल कुमार उसे एसी प्रथम श्रेणी कोच के अपने केबिन में ले गया. पहले नाम-पता और परीक्षा से जुड़ी जानकारी पूछी, फिर दरवाजा बंद कर अश्लील हरकतें करने लगा.

विरोध करने पर धमकी, फिर दुष्कर्म
पीड़िता का आरोप है कि विरोध करने पर आरोपी ने बिना टिकट यात्रा के मामले में फंसाने की धमकी दी और दुष्कर्म किया. घटना इंदारा और देवरिया के बीच की बताई जा रही है. युवती ने शोर मचाते हुए डायल 112 पर सूचना दी. मामला सामने आते ही आरोपी देवरिया स्टेशन पर ट्रेन से उतरकर फरार हो गया. जीआरपी ने पीड़िता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया है. एसपी जीआरपी लक्ष्मी निवास मिश्र ने बताया कि प्रारंभिक कार्रवाई के बाद मामला देवरिया स्थानांतरित कर दिया गया है. पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है.

रिपोर्ट- गजेंद्र त्रिपाठी

ये भी पढ़ें