Mobile Tower Chori
Mobile Tower Chori
बक्सर जिले के डुमरांव में बेखौफ चोरों ने एक हैरतअंगेज चोरी की वारदात को अंजाम दिया है. दरअसल, डुमरांव के रिहायशी इलाके के बीचों-बीच और नगर थाना से महज कुछ दूरी पर स्थित 132 फीट ऊंचे मोबाइल टॉवर को ही चोर उड़ा ले गए और किसी को इसकी भनक तक नहीं लगी. इस पूरे मामले का खुलासा तब हुआ, जब वर्षों से बंद पड़े इस टॉवर की मरम्मत के लिए GTL कंपनी के अधिकारी मौके पर पहुंचे. वहां उन्होंने देखा कि 132 फीट का टॉवर और उससे जुड़े उपकरण पूरी तरह गायब हैं.
नगर थाना डुमरांव में दर्ज कराया गया मामला
जब GTL कंपनी के अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर सब कुछ नदारद पाया, तो उन्होंने डुमरांव थाने में मोबाइल टॉवर, जनरेटर सेट और उससे संबंधित अन्य उपकरणों की चोरी की लिखित शिकायत दर्ज कराई. शिकायत में बताया गया कि 132 फीट ऊंचे टॉवर के साथ-साथ चोर जनरेटर सेट और अन्य जरूरी उपकरण भी चोरी कर ले गए हैं.
क्या बोले जमीन मालिक?
इस पूरे मामले पर डुमरांव वार्ड नंबर-18 निवासी हरेनाथ यादव ने बताया कि वर्ष 2010 में उनका कंपनी के साथ टॉवर लगाने को लेकर 12 वर्षों का एकरारनामा हुआ था, जिसकी अवधि वर्ष 2022 में पूरी हो गई थी. इसके बाद कंपनी ने उन्हें कोई भुगतान नहीं किया. इसको लेकर उन्होंने कंपनी को चार बार नोटिस भी भेजा, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई. अब उन्हें पता चल रहा है कि टॉवर समेत सभी उपकरण चोरी हो चुके हैं. वहीं स्थानीय लोगों का कहना है कि पिछले करीब 15 वर्षों से यहां मोबाइल टॉवर लगा हुआ था, लेकिन कुछ समय से वह गायब है. चोरों द्वारा अंजाम दी गई इस हैरतअंगेज चोरी की घटना से इलाके के लोग हैरान हैं.
बक्सर एसपी बोले- पकड़े जाएंगे चोरी करने वाले
चोरी की इस घटना पर बक्सर के पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य ने बताया कि करीब दस दिन पहले एक आवेदन प्राप्त हुआ था, जिसमें टॉवर हटाए जाने की जानकारी दी गई थी. उसी आधार पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है. इस मामले में जमीन मालिक से भी पूछताछ की जाएगी. उन्होंने कहा कि पूरे मामले की जांच जारी है और जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
लोगों में चर्चा का विषय बनी घटना
फिलहाल चोरों के इस दुस्साहस को लेकर आम लोगों के बीच चर्चा तेज है. लोगों का कहना है कि जब 132 फीट ऊंचे मोबाइल टॉवर को ही चोरों से नहीं बचाया जा सका, तो आम लोगों की सुरक्षा का क्या होगा. यह अनोखी चोरी अब पूरे इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है.
(रिपोर्ट- पुष्पेंद्र कुमार पांडे)
ये भी पढ़ें