scorecardresearch

दिल्ली में आज भी 17 मेट्रो स्टेशन बंद, इन 3 स्टेशनों से ही इंटरचेंज की सुविधा, सफर से पहले पढ़ लें ये खबर

DMRC के मुताबिक शुक्रवार को लोक कल्याण मार्ग, राजीव चौक, पटेल चौक, रामकृष्ण आश्रम मार्ग, बाराखंभा रोड, सुप्रीम कोर्ट, सेवा तीर्थ, जनपथ, मंडी हाउस, सेंट्रल सेक्रेटेरिएट, ITO, दिल्ली गेट, इंद्रप्रस्थ, खान मार्केट, जोर बाग, शिवाजी स्टेडियम और झंडेवालान मेट्रो स्टेशन बंद रहेंगे.

Metro Stations Closed Metro Stations Closed
हाइलाइट्स
  • दिल्ली में आज भी 17 मेट्रो स्टेशन बंद

  • दिल्ली वालों के लिए जरूरी खबर

राजधानी दिल्ली में शुक्रवार को भी मेट्रो से सफर करने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ेगा. CJP (कॉकरोच जनता पार्टी) के जंतर-मंतर पर जारी प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (DMRC) ने लगातार तीसरे दिन 17 मेट्रो स्टेशनों को बंद रखने का फैसला किया है. ये स्टेशन सुबह 7:30 बजे से अगले आदेश तक बंद रहेंगे. सुरक्षा कारणों से यह कदम उठाया गया है.

इन 17 मेट्रो स्टेशनों पर नहीं मिलेगी एंट्री
DMRC के मुताबिक शुक्रवार को लोक कल्याण मार्ग, राजीव चौक, पटेल चौक, रामकृष्ण आश्रम मार्ग, बाराखंभा रोड, सुप्रीम कोर्ट, सेवा तीर्थ, जनपथ, मंडी हाउस, सेंट्रल सेक्रेटेरिएट, ITO, दिल्ली गेट, इंद्रप्रस्थ, खान मार्केट, जोर बाग, शिवाजी स्टेडियम और झंडेवालान मेट्रो स्टेशन बंद रहेंगे.

हालांकि, राजीव चौक, मंडी हाउस और सेंट्रल सेक्रेटेरिएट स्टेशनों पर इंटरचेंज की सुविधा जारी रहेगी. यानी यात्री यहां ट्रेन बदल सकेंगे, लेकिन स्टेशन से बाहर निकलने या अंदर प्रवेश करने की अनुमति नहीं होगी.

तीन दिन से सफर पर असर, यात्रियों की बढ़ी मुश्किल
बुधवार और गुरुवार को भी यही स्टेशन लंबे समय तक बंद रहे थे. गुरुवार को राजीव चौक, मंडी हाउस और सेंट्रल सेक्रेटेरिएट के एंट्री गेट करीब 14 घंटे बाद शाम को खोले गए थे, जबकि बाकी स्टेशन पूरे दिन बंद रहे.

स्टेशन बंद होने से हजारों यात्रियों को अपनी यात्रा का प्लान बदलना पड़ा. कई लोगों ने दूसरी मेट्रो लाइन का सहारा लिया, जबकि बड़ी संख्या में यात्रियों को बस, ऑटो और कैब से सफर करना पड़ा. इससे सड़क पर भी ट्रैफिक का दबाव बढ़ गया.

सोमवार से जारी हैं पाबंदियां
CJP के प्रदर्शन को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था सोमवार से ही कड़ी कर दी गई थी. उसी दिन जनपथ, राजीव चौक, पटेल चौक, सेंट्रल सेक्रेटेरिएट और सेवा तीर्थ स्टेशन कई घंटों तक बंद रखे गए थे. इसके बाद प्रदर्शन तेज होने पर बंद स्टेशनों की संख्या बढ़ा दी गई.

जंतर-मंतर और आसपास ट्रैफिक भी प्रभावित
मेट्रो के साथ-साथ जंतर-मंतर, जनपथ और आसपास के इलाकों में ट्रैफिक पर भी असर पड़ा है. कई जगहों पर वाहनों की आवाजाही धीमी रही और लोगों को लंबा जाम झेलना पड़ा. प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि घर से निकलने से पहले मेट्रो और ट्रैफिक की ताजा जानकारी जरूर देख लें, ताकि उन्हें रास्ते में परेशानी का सामना न करना पड़े.

ये भी पढ़ें