PM Kisan Samman Nidhi Yojana
PM Kisan Samman Nidhi Yojana
प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना (PM-Kisan) छोटे और सीमांत किसानों को सीधी आर्थिक मदद देने की एक महत्वपूर्ण योजना है. यह योजना कृषि और किसान कल्याण मंत्रालय द्वारा चलाई जा रही है. इस योजना के तहत सरकार हर साल किसानों को 6,000 रुपये की सहायता देती है, जो 2,000 रुपये की तीन किस्तों में दी जाती है.
अभी हाल ही में 24 फरवरी 2025 को 19वीं किस्त किसानों के खाते में भेजी गई थी. इस दौरान करीब 22,000 करोड़ रुपये सीधे 9.8 करोड़ किसानों के बैंक खातों में ट्रांसफर किए गए थे.
जून में आ सकती है 20वीं किस्त
अब किसान 20वीं किस्त का इंतजार कर रहे हैं, जो कि जून 2025 के पहले या दूसरे हफ्ते में आने की संभावना है. हालांकि सरकार की तरफ से अभी तक इसकी आधिकारिक तारीख घोषित नहीं की गई है, लेकिन अगर आप समय पर जरूरी काम पूरे कर लेते हैं, तो किस्त मिलने में कोई परेशानी नहीं होगी.
किन किसानों को मिलता है योजना का लाभ?
पीएम किसान योजना का लाभ वही किसान ले सकते हैं, जो इन शर्तों को पूरा करते हैं:
किसान भारतीय नागरिक होना चाहिए.
उसके पास खेती करने लायक जमीन होनी चाहिए.
यह योजना केवल छोटे और सीमांत किसानों के लिए है.
जिन किसानों की मासिक पेंशन 10,000 रुपये से ज्यादा है या जो इनकम टैक्स भरते हैं, उन्हें इस योजना का लाभ नहीं मिलेगा.
अगर जमीन किसी संस्था या संस्था से जुड़ी हो, तो वे किसान भी इस योजना से बाहर रहेंगे.
यह जरूरी काम अभी से कर लें किसान
20वीं किस्त पाने के लिए किसानों को कुछ जरूरी औपचारिकताएं पूरी करनी होंगी:
e-KYC पूरा करना जरूरी है.
आधार कार्ड को बैंक खाते से लिंक कराना होगा.
भूमि रिकॉर्ड (land records) की जांच और अपडेट भी जरूरी है.
अगर ये औपचारिकताएं पूरी नहीं की गईं, तो किस्त खाते में आने में देरी हो सकती है या पैसा रुक भी सकता है.
ऐसे चेक करें कि आपका नाम लिस्ट में है या नहीं
किसान अपना नाम योजना की लाभार्थी सूची में खुद चेक कर सकते हैं. इसके लिए पीएम किसान योजना की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं और "फार्मर्स कॉर्नर" में "बेनिफिशियरी स्टेटस" विकल्प पर क्लिक करें. वहां अपना आधार नंबर या बैंक खाता नंबर डालकर जान सकते हैं कि पिछली किस्त मिली थी या नहीं और अगली किस्त के लिए आप पात्र हैं या नहीं.
सरकार की तरफ से किसानों को बड़ा सहयोग
पीएम किसान योजना से देश के करोड़ों किसानों को राहत मिली है. खेती के साथ-साथ घर खर्च चलाने में भी यह सहायता काम आती है. इसलिए जो भी किसान इस योजना के पात्र हैं, उन्हें सलाह दी जाती है कि वे समय रहते सभी जरूरी औपचारिकताएं पूरी करें और नियमित रूप से अपना स्टेटस वेबसाइट पर चेक करते रहें, ताकि अगली किस्त समय पर मिल सके.