8th Pay Commission
8th Pay Commission
केंद्र सरकार के 1 करोड़ से ज्यादा कर्मचारी और पेंशनर्स 8वें वेतन आयोग का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं. फिलहाल आयोग की रिपोर्ट का इंतजार है और रिपोर्ट आने के बाद इसे लागू करने में भी कुछ समय लग सकता है. ऐसे में कर्मचारियों की जेब पर सीधा असर डालने वाला सबसे बड़ा सवाल एरियर को लेकर है. अगर सरकार पिछली अवधि का बकाया भुगतान करती है और फिटमेंट फैक्टर 2.57 रहता है, तो कुछ कर्मचारियों को 14 लाख रुपये से ज्यादा का एरियर मिल सकता है. हालांकि, ये आंकड़े अनुमान पर आधारित हैं और अंतिम रकम सरकार के फैसले के बाद ही तय होगी.
एरियर कैसे तय होता है
वेतन आयोग लागू होने के बाद कर्मचारियों को मिलने वाले एरियर की गणना पूरी ग्रॉस सैलरी पर नहीं की जाती. इसका आधार मुख्य रूप से पुरानी और नई बेसिक पे के बीच का अंतर होता है. HRA, TA और दूसरे भत्तों को पिछले महीनों के लिए संशोधित करके एरियर में शामिल नहीं किया जाता.
उदाहरण: अगर किसी कर्मचारी की मौजूदा बेसिक पे 44,900 रुपये है और 8वें वेतन आयोग में फिटमेंट फैक्टर 2.57 के आधार पर उसकी नई बेसिक पे 1,15,393 रुपये हो जाती है, तो दोनों के बीच 70,493 रुपये का अंतर होगा. अगर सरकार 20 महीने का एरियर देने का फैसला करती है, तो 70,493 रुपये को 20 से गुणा किया जाएगा. यानी कर्मचारी को करीब 14,09,860 रुपये का एरियर मिल सकता है. इस रकम में HRA, TA जैसे भत्तों का बकाया शामिल नहीं होगा.
2.57 फिटमेंट फैक्टर पर किसे कितना एरियर
अगर 2.57 फिटमेंट फैक्टर और 20 महीने की देरी को आधार माना जाए, तो लेवल 4 के कर्मचारी की नई बेसिक पे करीब 65,535 रुपये और अनुमानित एरियर करीब 8.01 लाख रुपये हो सकता है. लेवल 5 के कर्मचारी की नई बेसिक पे 74,787 रुपये और एरियर करीब 9.14 लाख रुपये हो सकता है. लेवल 6 में बेसिक पे 90,978 रुपये और अनुमानित एरियर करीब 11.12 लाख रुपये हो सकता है. वहीं लेवल 7 में बेसिक पे 1,15,393 रुपये और एरियर करीब 14.10 लाख रुपये तक पहुंच सकता है.
यानी 2.57 फिटमेंट फैक्टर रहने पर लेवल 7 के कर्मचारियों को सबसे ज्यादा फायदा मिलने का अनुमान है. उन्हें करीब 14.10 लाख रुपये तक का एरियर मिल सकता है.
2.15 फिटमेंट फैक्टर पर कितना बनेगा एरियर
अगर फिटमेंट फैक्टर 2.15 रहता है, तो एरियर की रकम 2.57 के मुकाबले कम होगी. इस स्थिति में लेवल 4 की अनुमानित बेसिक पे 54,825 रुपये और एरियर करीब 5.87 लाख रुपये हो सकता है. लेवल 5 में बेसिक पे 62,565 रुपये और एरियर करीब 6.69 लाख रुपये हो सकता है. लेवल 6 में बेसिक पे 76,110 रुपये और एरियर करीब 8.14 लाख रुपये और लेवल 7 में बेसिक पे 96,535 रुपये और एरियर करीब 10.33 लाख रुपये हो सकता है.
2.28 फिटमेंट फैक्टर पर क्या होगा हिसाब
अगर फिटमेंट फैक्टर 2.28 तय होता है, तो लेवल 4 की अनुमानित बेसिक पे 58,140 रुपये और एरियर करीब 6.53 लाख रुपये हो सकता है. लेवल 5 की बेसिक पे 66,348 रुपये और एरियर करीब 7.45 लाख रुपये हो सकता है. लेवल 6 की बेसिक पे 80,712 रुपये और एरियर करीब 9.06 लाख रुपये हो सकता है. वहीं लेवल 7 की बेसिक पे 1,02,372 रुपये और अनुमानित एरियर करीब 11.49 लाख रुपये हो सकता है.
अभी अंतिम फैसले का इंतजार
हालांकि, ये सभी आंकड़े अनुमान पर आधारित हैं. 8वें वेतन आयोग की अंतिम रिपोर्ट, फिटमेंट फैक्टर और एरियर की अवधि को लेकर सरकार की ओर से अंतिम फैसला होना बाकी है. इसलिए कर्मचारियों को वास्तव में कितना एरियर मिलेगा, यह आयोग की सिफारिशों और केंद्र सरकार के अंतिम फैसले के बाद ही साफ होगा. अगर 20 महीने का एरियर और 2.57 फिटमेंट फैक्टर लागू होता है, तो लेवल 7 के कर्मचारियों के लिए यह रकम करीब 14.10 लाख रुपये तक हो सकती है.
ये भी पढ़ें: