psi sonal rathod suspended
psi sonal rathod suspended
अहमदाबाद के गुजरात यूनिवर्सिटी पुलिस स्टेशन में दिव्यांग गोपालभाई दर्जी की कथित पिटाई के मामले में अहमदाबाद रूरल के चांगोदर पुलिस स्टेशन की महिला पीएसआई सोनल राठौड़ को आखिरकार चार दिन बाद सस्पेंड कर दिया गया है. मामले में उनके खिलाफ एफआईआर भी दर्ज की गई है. आरोप है कि उन्होंने अपने थाना क्षेत्र से बाहर जाकर गुजरात यूनिवर्सिटी पुलिस स्टेशन में दिव्यांग व्यक्ति के साथ मारपीट की थी.
वेफर के पैकेट से शुरू हुआ विवाद
जानकारी के अनुसार, पंचवटी क्षेत्र में गल्ला चलाने वाले 57 वर्षीय दिव्यांग गोपालभाई दर्जी की नजर कमजोर है. चार दिन पहले एक बच्चा उनके गल्ले से बिना पैसे दिए वेफर का पैकेट लेकर जाने की कोशिश कर रहा था. पैकेट की आवाज सुनकर गोपालभाई ने उसे पकड़ लिया. इस दौरान बच्चे को मामूली चोट लग गई. बच्चे ने घटना की जानकारी अपने पिता प्रतीक को दी. इसके बाद प्रतीक वहां पहुंचे और कथित तौर पर गोपालभाई को धमकाया. बाद में गुजरात यूनिवर्सिटी पुलिस स्टेशन की मदद से गोपालभाई को थाने ले जाया गया.
गोपालभाई का आरोप है कि उन्हें कई घंटों तक पुलिस स्टेशन में बैठाए रखा गया. बाद में वहां पहुंची महिला पीएसआई सोनल राठौड़ ने उनके साथ गाली-गलौज की और लात-घूंसों से मारपीट शुरू कर दी. उनका कहना है कि जमीन पर गिरने के बाद भी पिटाई नहीं रुकी और लकड़ी से भी मारा गया. उन्होंने आरोप लगाया कि उस समय मौजूद पुलिसकर्मियों ने उन्हें बचाने की कोशिश नहीं की. जब उन्होंने महिला पीएसआई के खिलाफ शिकायत दर्ज कराने की कोशिश की तो उसे स्वीकार नहीं किया गया.
सोशल मीडिया पर वायरल हुई घटना
मारपीट में घायल होने के बाद गोपालभाई अस्पताल पहुंचे. इलाज के दौरान उन्होंने अपनी आपबीती बताई, जिसके बाद मामला सोशल मीडिया पर वायरल हो गया. लोगों ने दिव्यांग को न्याय दिलाने की मांग उठाई और महिला पीएसआई के खिलाफ कार्रवाई की मांग तेज हो गई.
माफी मांगने पहुंची महिला पीएसआई
विवाद बढ़ने के बाद महिला पीएसआई सोनल राठौड़ अगले दिन गोपालभाई के घर पहुंचीं और कथित तौर पर अपनी गलती के लिए माफी मांगी. हालांकि दोनों पक्षों के बीच समझौता नहीं हो सका. इसके बाद गोपालभाई ने कानूनी कार्रवाई का फैसला लिया और गुजरात यूनिवर्सिटी पुलिस स्टेशन में एफआईआर दर्ज कराई.
पुलिस ने दर्ज की एफआईआर
अहमदाबाद बी डिवीजन के एसीपी एच.एम. कणसागरा ने बताया कि घटना के दौरान मौजूद पुलिसकर्मियों और इंस्पेक्टर एस.आर. बावा ने महिला पीएसआई को रोकने की कोशिश की थी. बाद में गुजरात यूनिवर्सिटी पुलिस स्टेशन की ओर से इस संबंध में रिपोर्ट भेजी गई. उन्होंने बताया कि दिव्यांग गोपालभाई की शिकायत पर महिला पीएसआई सोनल राठौड़ के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है. उनके खिलाफ दिव्यांगजन अधिकार कानून (राइट टू डिसेबिलिटी एक्ट) सहित अन्य प्रासंगिक धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है. साथ ही बिना अनुमति अपना कार्यक्षेत्र छोड़कर दूसरे थाने में पहुंचने के मामले की भी जांच जारी है.
(रिपोर्ट- अतुल तिवारी)
ये भी पढ़ें