scorecardresearch

Alwar Food Department Action: 'शुद्ध आहार मिलावट पर वार' अभियान, ANM सेंटर की मैस में मिले कीड़े, डी-मार्ट और नामी दुकानों पर भी छापा

राजस्थान के 'शुद्ध आहार मिलावट पर वार' अभियान के तहत अलवर में खाद्य विभाग ने बड़ी कार्रवाई की. एएनएम ट्रेनिंग सेंटर की मैस में कीड़े युक्त आटा व चींटियों वाली चीनी नष्ट करवाई गई. साथ ही डी-मार्ट, बाबा ठाकुरदास और कन्हैया स्वीट्स जैसे नामी प्रतिष्ठानों से सैंपल लेकर नोटिस जारी किए गए.

Advertisement
'शुद्ध आहार मिलावट पर वार' अभियान, राजस्थान 'शुद्ध आहार मिलावट पर वार' अभियान, राजस्थान

राजस्थान में स्वास्थ्य विभाग के चल रहे विशेष अभियान के तहत अलवर में खाद्य विभाग की टीम ने कई नामी प्रतिष्ठानों के सैंपल लिए. साथ ही सरकारी मेडिकल कॉलेज, अस्पताल और उसके आसपास चलने वाले रेस्टोरेंट और ढाबों की भी जांच-पड़ताल की. इस दौरान कई जगह गंदगी का आलम नजर आया. बीते दिनों अलवर के मेडिकल कॉलेज की मैस में आटे में कीड़े मिले थे. अब सरकारी अस्पताल में एएनएम ट्रेनिंग सेंटर की मैस में चीनी में चींटियां और आटे में कीड़े मिलने का मामला सामने आया है. साथ ही आसपास के ढाबों और रेस्टोरेंट में चारों तरफ गंदगी मिली. इसके बाद खाद्य विभाग की तरफ से नोटिस देते हुए खाद्य सामग्रियों को नष्ट करवाया गया.

एएनएम ट्रेनिंग सेंटर की रसोई में मिली चींटियां और कीड़े
अलवर जिले में 'शुद्ध आहार मिलावट पर वार' अभियान चलाया जा रहा है. खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने एएनएम ट्रेनिंग सेंटर, शिशु चिकित्सालय के पास से आटे का एक नमूना लिया. वहीं, ट्रेनिंग सेंटर की रसोई में पॉलिथीन में रखी करीब 10 किलो चीनी को नष्ट करवाया गया, जिसमें चींटियां लगी हुई थीं. ट्रेनिंग सेंटर की मैस के संचालक को साफ-सफाई ठीक नहीं पाए जाने के कारण इंप्रूवमेंट नोटिस दिया गया.

कई रेस्टोरेंट और दुकानों से लिए सैंपल
खाद्य विभाग की टीम ने एक रेस्टोरेंट से कचौरी का नमूना लिया. उक्त खाद्य कारोबार के संचालक को इंप्रूवमेंट नोटिस दिया गया. हैप्पी पिज्जा व्हाइट रेस्टोरेंट से सॉस का नमूना लिया गया. वहीं, बाबा ठाकुरदास एंड संस, नगली सर्किल और कन्हैया स्वीट्स, जेल सर्किल से कलाकंद के नमूने लिए गए. तीजा कॉफी लस्सी से पनीर का एक नमूना लिया गया. खाद्य कारोबार के संचालक को साफ-सफाई ठीक नहीं पाए जाने के कारण इंप्रूवमेंट नोटिस दिया गया.

डी मार्ट से भी लिया गया चावल का सैंपल
खाद्य विभाग की टीम को डी मार्ट जैसी नामी कंपनी के खिलाफ पोर्टल पर शिकायत मिली थी. इसके बाद शिकायत के अनुसार डी मार्ट गांधीनगर से चावल का एक नमूना जांच के लिए लिया गया. इसके अलावा चिकित्सालय के आसपास स्थित विभिन्न खाद्य कारोबारकर्ताओं को अपने खाद्य पदार्थों को ढककर रखकर बिक्री करने और साफ-सफाई के साथ काम करने के निर्देश दिए गए.

रेस्टोरेंट, होटल और ढाबों में मिली गंदगी
खाद्य विभाग की जांच-पड़ताल के दौरान रेस्टोरेंट, होटल और ढाबों में गंदगी मिली. इसके बाद उन्हें नोटिस दिए गए. साथ ही सरकारी मेडिकल कॉलेज और अस्पताल के मैस, कैंटीन व नामी संस्थानों की जांच के दौरान खाद्य सामग्री में कीड़े और फंगस मिली. पूरी जांच-पड़ताल से साफ है कि लोगों की सेहत के साथ खिलवाड़ हो रहा है. खराब सामान को तुरंत नष्ट करने के साथ ही खाद्य विभाग की टीम खाद्य पदार्थों के सैंपल भी ले रही है. इन सैंपलों को जांच के लिए लैब में भेजा गया है.
 

ये भी पढ़ें