दुकानदार
दुकानदार
इजराइल-ईरान में चल रहे युद्ध के कारण भारत में गैस सिलेंडर की किल्लत का असर अब आम लोगों की रसोई तक पहुंचने लगा है. गैस की अनिश्चितता के बीच लोग अब इंडक्शन चूल्हों की ओर तेजी से रुख कर रहे हैं. इंदौर के बाजारों में इंडक्शन की मांग अचानक कई गुना बढ़ गई है, जिससे दुकानदार भी हैरान हैं.
दुकानदार हुए हैरान
इंदौर के सब से बड़े इलेक्ट्रॉनिक बाजार एमटीएच में इंडक्शन की डिमांड काफी बढ़ गई है. इजराइल-ईरान में चल रहे युद्ध और गैस सिलेंडर की कमी की खबरों के बाद लोगों ने वैकल्पिक साधनों की तलाश शुरू कर दी है. ऐसे में इंदौर के बाजारों में इलेक्ट्रिक इंडक्शन चूल्हों की डिमांड तेजी से बढ़ गई है.
दुकानदारों के मुताबिक पहले जहां किसी दुकान पर दिनभर में मुश्किल से एक या दो ग्राहक ही इंडक्शन की जानकारी लेने या खरीदने पहुंचते थे. वहीं अब यह संख्या बढ़कर प्रतिदिन 12 से 15 ग्राहकों तक पहुंच गई है. काफी डिमांड होने के कारण इन चूल्हों के भी रेट 300 रुपए से लेकर 500 रुपए तक बढ़ गए है.
सिलेंडर का विकल्प बना इंडक्शन
दुकानदारों का कहना है कि पिछले कुछ दिनों में इंडक्शन की मांग में चार गुना से ज्यादा बढ़ोतरी हुई है. बढ़ती मांग के साथ-साथ रॉ मटेरियल की कीमतों में इजाफा होने के कारण इंडक्शन चूल्हों के दाम भी बढ़ने लगे हैं. हालांकि इसके बावजूद लोग गैस के विकल्प के तौर पर इंडक्शन खरीदने में दिलचस्पी दिखा रहे हैं, जिससे बाजार में इनकी बिक्री लगातार बढ़ती जा रही है.
- धर्मेन्द्र कुमार शर्मा की रिपोर्ट