scorecardresearch

'GenZ बच्चे सबसे ज्यादा काम करने वाले हैं, भले वह दिखाते नहीं हैं', जानें क्या है वेदांता ग्रुप के चेयरमैन अनिल अग्रवाल की राय

वेदांता ग्रुप के चेयरमैन अनिल अग्रवाल ने इंडिया टुडे कॉन्क्लेव 2026 में GenZ पीढ़ी की जमकर तारीफ की है. उन्होंने पारंपरिक सोच को चुनौती देते हुए कहा कि आज के युवा दिखावा कम और काम सबसे ज्यादा करते हैं.

वेदांता ग्रुप चेयरमैन अनिल अग्रवाल वेदांता ग्रुप चेयरमैन अनिल अग्रवाल

इंडिया टुडे कॉन्क्लेव 2026 में वेदांता ग्रुप के चेयरमैन अनिल अग्रवाल ने नई पीढ़ी यानी GenZ को लेकर अपनी राय शेयर की है. उन्होंने कहा कि आज के समय में सबसे ज्यादा काम करने वाली और बेहतर आउटपुट देने वाली पीढ़ी GenZ है. हालांकि ये युवा अपने काम का ज्यादा दिखावा नहीं करते, लेकिन उनमें जबरदस्त उद्यमशीलता यानी एंटरप्रेन्योर बनने की सोच है. उन्होंने कहा कि समय बदल चुका है और अब युवाओं की क्षमता को पहचान कर उन्हें आगे बढ़ाने की जरूरत है.

युवाओं में मजबूत एंटरप्रेन्योर माइंडसेट
अनिल अग्रवाल ने कहा कि आज के युवा खासकर GenZ बच्चों में एंटरप्रेन्योर बनने की सोच बहुत मजबूत है. वह नई चीजें करने के लिए तैयार रहते हैं और नए आइडिया पर काम करने से पीछे नहीं हटते. उनका मानना है कि अगर इस पीढ़ी को सही दिशा और अवसर दिए जाएं तो यह देश के लिए बड़े बदलाव ला सकते हैं. उन्होंने कहा कि अब समय आ गया है कि युवाओं के काम और उनके योगदान को खुलकर सामने लाया जाए.

सरकार और सिस्टम पर भी जताया भरोसा
कॉन्क्लेव के दौरान अनिल अग्रवाल ने सरकार के कामकाज पर भी अपनी राय रखी. उन्होंने कहा कि सरकार का काम सरकार को करने देना चाहिए और आज की सरकार देश को आगे बढ़ाने के लिए सक्रिय रूप से काम कर रही है. उन्होंने कहा कि देश में विकास की दिशा में कई सकारात्मक कदम उठाए जा रहे हैं, जिससे आने वाले समय में भारत और मजबूत स्थिति में आ सकता है.

भारत के पास प्राकृतिक संसाधनों की कोई कमी नहीं
अनिल अग्रवाल ने भारत की प्राकृतिक संपदा का जिक्र करते हुए कहा कि देश के पास पर्याप्त मात्रा में कई महत्वपूर्ण खनिज मौजूद हैं. उन्होंने बताया कि भारत के पास पर्याप्त हाइड्रो कारवन है, हमारे पास सफिशियंट कोपर है, हमारे पास सफिशियंट ऑक्साइट है. इसके अलावा उन्होंने कहा कि यूरेनियम का भी बड़ा भंडार देश में मौजूद है. उनके मुताबिक जब देश के पास इतने संसाधन हैं, तो जरूरत है कि युवाओं और नए उद्यमियों को आगे बढ़ने के मौके दिए जाएं.

एआई के दौर में युवाओं के लिए बड़े अवसर
उन्होंने कहा कि यह समय आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी एआई का है. आज तकनीक इतनी तेज हो चुकी है कि एक क्लिक में कई बड़े काम किए जा सकते हैं. ऐसे दौर में अगर युवाओं को सही दिशा और अवसर मिले, तो वह नई तकनीक का इस्तेमाल कर देश को तेजी से आगे ले जा सकते हैं.

विदेशों में भी भारतीय युवाओं की बढ़ती मांग
अनिल अग्रवाल ने बातचीत के दौरान एक विदेशी कंपनी का उदाहरण भी दिया. उन्होंने बताया कि एक कंपनी में काम करने वाले ज्यादातर कर्मचारी भारतीय युवा हैं और उनकी उम्र करीब 22 से 24 साल के बीच है. उन्होंने बताया कि उस कंपनी का नाम प्लेटाइन है और आज उसकी वैल्यू करीब 400 बिलियन डॉलर तक पहुंच चुकी है. उनके अनुसार जब विदेशी कंपनियां भारतीय युवाओं पर भरोसा कर रही हैं, तो भारत में भी उन्हें ज्यादा अवसर दिए जाने चाहिए.

GenZ को सम्मान और अवसर देने की जरूरत
अपने संबोधन के अंत में अनिल अग्रवाल ने कहा कि अगर GenZ को सम्मान दिया जाए, उनके काम को आसान बनाया जाए और उन्हें आगे बढ़ने का मौका दिया जाए, तो वह कंपनी को शानदार परिणाम दे सकते हैं. उनका कहना था कि युवाओं के साथ जुड़कर, उन्हें समझकर और उनके साथ मिलकर काम करके देश बेहतर भविष्य की ओर तेजी से बढ़ सकता है.
 

ये भी पढ़ें