अरविंद केजरीवाल की 'कट्टर ईमानदार' होली
अरविंद केजरीवाल की 'कट्टर ईमानदार' होली
आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने बुधवार को पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ जमकर होली खेली. 'आप' के पंजाब प्रभारी और दिल्ली के पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया के आवास पर होली मिलन समारोह आयोजित किया गया था. तथाकथित शराब घोटाला मामले में आरोपों से मुक्त किए जाने की खुशी सभी नेताओं के चेहरे पर साफ झलक रही थी. सभी ने एक दूसरे को गुलाल और अबीर लगाकर तथा गले मिलकर होली की शुभकामनाएं दीं और कोर्ट में 'कट्टर ईमानदार' साबित होने पर बधाई दी.
इस मौके पर अरविंद केजरीवाल ने कहा कि हमने मनीष सिसोदिया के घर पर पार्टी के सभी साथियों और कार्यकर्ताओं के साथ 'कट्टर ईमानदार' होली मनाई. सच और संघर्ष के रंगों के साथ हम आगे भी ऐसे ही बढ़ते रहेंगे.
मीडिया से बातचीत में क्या बोले केजरीवाल
अरविंद केजरीवाल ने मीडिया से बातचीत में कहा कि रंगों का यह त्योहार होली सबके जीवन में ढेर सारी खुशियां लाए, सभी के परिवार को सुख-समृद्धि दे और सबको खुश रखे. उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी और उसके पूरे नेतृत्व के साथ बहुत बड़ा अन्याय हुआ और एक षड्यंत्र रचा गया था. अब कोर्ट से यह साबित हो गया है कि आम आदमी पार्टी एक कट्टर ईमानदार पार्टी है और उसके सभी नेता ईमानदार हैं.
शराब की दुकानों को लेकर भाजपा पर निशाना
अरविंद केजरीवाल ने आगे कहा कि यह दुख की बात है कि भाजपा ने होली के मौके पर भी पूरी दिल्ली में शराब की दुकानें खुली रखी हैं. सालों से त्योहारों के अवसर पर शराब की दुकानें बंद रहती थीं, ताकि लोग शराब पीकर हुड़दंग न करें. उन्होंने कहा कि होली जैसे त्योहार पर दुकानों को खोलना गलत फैसला है.
एक्स पर दी होली की शुभकामनाएं
अरविंद केजरीवाल ने एक्स पर दिल्ली सहित देशवासियों को होली की हार्दिक शुभकामनाएं दीं. उन्होंने कहा कि रंगों का यह त्योहार सभी के जीवन में खुशियां, प्रेम और नई ऊर्जा भर दे. आप सभी का जीवन सुख, शांति और समृद्धि से भरा रहे. उन्होंने कहा कि साजिशों और झूठ के बावजूद आम आदमी पार्टी के रंग फीके नहीं पड़े हैं, क्योंकि हमारी ताकत ईमानदारी और जनता का भरोसा है.
मनीष सिसोदिया का संदेश
'आप' के पंजाब प्रभारी और दिल्ली के पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने भी सभी को होली के पावन पर्व की शुभकामनाएं दीं. उन्होंने कहा, त्योहार वही है, रंग नया है. 'कट्टर ईमानदारी' का रंग है, जिसे फीका पड़ना नहीं आता. इस बार की होली में सिर्फ लाल-पीला-हरा ही नहीं, बल्कि 'कट्टर ईमानदारी' का रंग भी शामिल है. उन्होंने कहा कि कुछ रंग चेहरे सजाते हैं और कुछ इतिहास लिखते हैं. चेहरे का रंग शाम तक उतर जाता है, लेकिन ईमानदारी का रंग आने वाली पीढ़ियों तक दिखाई देता है.
सौरभ भारद्वाज का बयान
आम आदमी पार्टी के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने कहा कि पिछले करीब तीन साल से पार्टी कार्यकर्ता इस तरह होली नहीं मना पाए थे. 2023 में होली के समय मनीष सिसोदिया जेल में थे, क्योंकि उन्हें 26 फरवरी 2023 को गिरफ्तार किया गया था, इसलिए उस साल पार्टी ने होली नहीं मनाई. 2024 में अरविंद केजरीवाल गिरफ्तार हो गए थे, इसलिए उस वर्ष भी होली नहीं मनाई गई. 2025 में भाजपा ने छल, कपट, पैसे और वोटों की चोरी से दिल्ली में आम आदमी पार्टी को हराया, इसलिए उस साल भी पार्टी कैडर ने होली सीमित रूप से मनाई.
उन्होंने आगे कहा कि तीन साल बाद पार्टी कार्यकर्ताओं और नेताओं के लिए खुशी का मौका आया है. भाजपा सरकार ने शराब और आबकारी के नाम पर जो आरोप लगाए थे, वे गलत साबित हुए हैं और सभी नेता निर्दोष पाए गए हैं. आज का दिन हमारे लिए खुशी का दिन है. अरविंद केजरीवाल, मनीष सिसोदिया और अन्य नेताओं के साथ मिलकर होली मनाई जा रही है. अंत में उन्होंने दिल्लीवासियों को होली की शुभकामनाएं दीं.
ये भी पढ़ें