scorecardresearch

बीवी के 3 यार और तीनों कत्ल के गुनहगार! दोस्ती के नाम पर पिलाई शराब, फिर प्रेमियों ने मिलकर ली पति की जान

बागपत में रिश्तों और दोस्ती का ऐसा खौफनाक सच सामने आया है, जिसने हर किसी को सन्न कर दिया. एक पति की हत्या की कहानी में प्यार, धोखा और साजिश का ऐसा घिनौना खेल उजागर हुआ, जहां बीवी के तीन-तीन प्रेमियों ने मिलकर उसी के पति को मौत के घाट उतार दिया. हैरानी की बात ये की तीनों हत्यारे मृतक के भी जिगरी दोस्त थे.

तीनों हत्यारे तीनों हत्यारे

बागपत के शहर कोतवाली क्षेत्र के मितली गांव में 2 मई 2026 की सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक ट्यूबवेल पर गांव के फास्ट फूड विक्रेता मूलचंद उर्फ सोनू का खून से लथपथ शव पड़ा मिला. शव के पास खून से सनी ईंट और बीयर-शराब की बोतलें पड़ी थीं, जो किसी खौफनाक वारदात की ओर इशारा कर रही थीं. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी.

शुरुआती जांच में अवैध संबंध का शक
मौके की स्थिति देखकर पुलिस को पहले ही अंदाजा हो गया था कि मामला साधारण नहीं है. शुरुआती जांच में अवैध संबंध का एंगल सामने आया, लेकिन असली कहानी अभी सामने आना बाकी थी. फोरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए और पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू की.

करीबी दोस्तों पर गया शक
जांच के दौरान पुलिस का शक मृतक के करीबी दोस्तों विशाल, दीपक और रिंकू, पर गया. तीनों को हिरासत में लेकर जब सख्ती से पूछताछ की गई, तो पूरा मामला खुलकर सामने आ गया. जो सच सामने आया, उसने सभी को चौंका दिया.

अवैध संबंध बना हत्या की वजह
पूछताछ में आरोपियों ने कबूल किया कि उनका मूलचंद की पत्नी के साथ अवैध संबंध था. मूलचंद इस रिश्ते में सबसे बड़ा रोड़ा बन गया था. इसी वजह से तीनों ने मिलकर उसे रास्ते से हटाने की साजिश रची.

दोस्ती के नाम पर बुलाया, फिर रची साजिश
योजना के तहत तीनों ने पहले फोन कर मूलचंद को घर से बुलाया और ट्यूबवेल पर ले गए. वहां पहले दोस्ती का दिखावा करते हुए शराब पार्टी की गई. खुद बीयर पी और मूलचंद को भी शराब पिलाई, ताकि वह नशे में हो जाए और विरोध न कर सके.

जैसे ही मूलचंद नशे में हुआ, तीनों ने मिलकर उस पर हमला कर दिया. ईंट से सिर पर वार कर उसे बेरहमी से मौत के घाट उतार दिया. हत्या के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए, ताकि किसी को शक न हो.

पुलिस जांच में खुला राज, आरोपी गिरफ्तार
हालांकि पुलिस की सख्त जांच और पूछताछ के आगे उनकी चाल ज्यादा देर नहीं चल सकी. तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है. हत्या में इस्तेमाल की गई ईंट भी बरामद कर ली गई है. पुलिस ने प्रेस नोट जारी कर मामले का खुलासा कर दिया है और तीनों आरोपियों को जेल भेज दिया गया है.


(रिपोर्ट- मनुदेव)
 

ये भी पढ़ें