छात्र ने IAS अकैडमी की डायरेक्टर से लुटे 1.89 करोड़
छात्र ने IAS अकैडमी की डायरेक्टर से लुटे 1.89 करोड़
राजधानी में क्राइम ब्रांच ने IAS अकैडमी की डायरेक्टर से 1.89 करोड़ रुपए की संगठित लूट के मामले का खुलासा कर दिया है. इस मामले में मास्टरमाइंड समेत 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है. आरोपियों ने सेमिनार और नए सेंटर खोलने का झांसा देकर डायरेक्टर को दिल्ली से भोपाल बुलाया और फिर हथियारों के दम पर बंधक बनाकर रकम ट्रांसफर कराई.
पूर्व छात्र निकला साजिश का मास्टरमाइंड
क्राइम ब्रांच के मुताबिक, मुख्य आरोपी प्रियांक शर्मा, जो कि अकैडमी का पूर्व छात्र है, ने पूरी साजिश रची. उसने अपने साथियों के साथ मिलकर पीड़िता शुभ्रा रंजन को एक अज्ञात स्थान पर ले जाकर पिस्टल और कट्टे की नोक पर डराया-धमकाया और 1.89 करोड़ रुपए अपनी सोसायटी 'जनकशिला' और 'आरएस इंटरप्राइजेस' के खातों में ट्रांसफर करवा लिए.
तेजी से कार्रवाई, रकम कराई गई होल्ड
घटना सामने आते ही क्राइम ब्रांच ने तत्कालीन कार्रवाई करते हुए आरोपियों की तलाश शुरू की. चंद घंटों के भीतर ही पूरी राशि को बैंक खातों में होल्ड करा दिया गया. पुलिस के मुताबिक, रिफंड की प्रक्रिया जारी है और जल्द ही पूरी रकम पीड़िता को वापस मिल जाएगी.
दो दिन तक बंधक बनाकर रखा
जानकारी के अनुसार, शुभ्रा रंजन दिल्ली से आकर भदभदा के पास बने एक फाइव स्टार होटल में ठहरी थीं. वहीं से आरोपी प्रियांक शर्मा उन्हें फ्रेंचाइजी के लिए जगह दिखाने के बहाने बागसेवनिया ले गया. यहां एक फ्लैट में उन्हें दो दिन तक बंधक बनाकर रखा गया और इसी दौरान उनके खाते से ऑनलाइन पैसे ट्रांसफर करवाए गए.
डराने के लिए बनाया फर्जी अपहरण वीडियो
आरोपियों ने पीड़िता को डराने के लिए अपने ही एक साथी के अपहरण का फर्जी वीडियो तैयार किया. इसका मकसद था कि वह पुलिस में शिकायत न करे और आगे भी पैसे देती रहे. इतना ही नहीं, वारदात से एक दिन पहले किराए का मकान लेकर उसमें सुंदरकांड का आयोजन कराया गया, ताकि शोर-शराबे में किसी को कुछ सुनाई न दे.
इस वारदात को अंजाम देने के लिए दतिया और रीवा से बदमाश बुलाए गए थे. इन लोगों ने हथियारों के दम पर पूरी घटना को अंजाम दिया और पीड़िता को डराकर पैसे ट्रांसफर कराए.
एम्स में भर्ती होकर बचने की कोशिश
घटना के बाद आरोपी प्रियांक शर्मा ने खुद को बचाने के लिए बीमारी का बहाना बनाकर एम्स अस्पताल के ICU में भर्ती हो गया. हालांकि पुलिस वहां भी पहुंच गई और उसे गिरफ्तार कर लिया. इस दौरान आरोपी की मां और पत्नी ने अस्पताल में हंगामा भी किया.
जांच में यह भी सामने आया है कि वारदात के बाद आरोपी विदेश भागने की तैयारी में था. फिलहाल उसकी पत्नी की भूमिका की भी जांच की जा रही है. पुलिस ने मास्टरमाइंड प्रियांक शर्मा समेत सभी 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है.
(रिपोर्ट- रविश)
ये भी पढ़ें