scorecardresearch

Ballia Viral News: भैंस का धूमधाम से मनाया जन्मदिन, कटा केक और गाया हैप्पी बर्थडे

उत्तर प्रदेश के बलिया जनपद के बड़गांव में राजेश कुमार वर्मा ने अपनी पालतू भैंस 'बसंती' का चौथा जन्मदिन बड़ी धूमधाम से मनाया. केक काटने, गुब्बारों से सजावट और फूलों की माला पहनाने का यह अनोखा वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है.

Advertisement
भैंस का बर्थडे भैंस का बर्थडे

इंसान अपने बच्चों और परिवार के सदस्यों का जन्मदिन धूमधाम से मनाते हैं, लेकिन क्या आपने कभी किसी भैंस का जन्मदिन गाजे-बाजे और केक काटकर मनाते देखा है? बलिया जनपद के बड़गांव में ऐसा ही अनोखा नजारा देखने को मिला. यहां राजेश कुमार वर्मा ने अपनी पालतू भैंस 'बसंती' का चौथा जन्मदिन बेहद खास अंदाज में मनाया. जन्मदिन के इस जश्न में गांव के लोग भी शामिल हुए और पूरे माहौल में उत्सव जैसा नजारा देखने को मिला.

गुब्बारों से सजाया गया पूरा माहौल
बसंती के जन्मदिन के लिए खास तैयारियां की गई थीं. बड़गांव में रंग-बिरंगे गुब्बारों से सजावट की गई. जन्मदिन के लिए एक टेबल भी लगाई गई, जिस पर एक नहीं बल्कि दो-दो केक रखे गए थे. भैंस के मालिक ने उसके जन्मदिन को यादगार बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ी.

सिर पर लगाई हैप्पी बर्थडे कैप
जन्मदिन के मौके पर बसंती को भी खास अंदाज में तैयार किया गया. उसके सिर पर 'हैप्पी बर्थडे' लिखी कैप लगाई गई और फूलों की माला पहनाई गई. इसके बाद गांव के लोगों की मौजूदगी में बसंती का जन्मदिन मनाया गया और केक काटा गया. बसंती के जन्मदिन के दौरान वहां मौजूद लोगों ने तालियां बजाकर खुशी जाहिर की. लोगों ने 'हैप्पी बर्थडे बसंती' के नारे लगाए. इस दौरान भैंस को बड़े प्यार से केला और केक खिलाया गया. जन्मदिन के जश्न में लोगों की मौजूदगी ने इस पूरे आयोजन को और खास बना दिया.

राजेश वर्मा का दिखा पशु प्रेम
भैंस के मालिक राजेश कुमार वर्मा ने अपनी पालतू भैंस के प्रति अपने लगाव को इस अनोखे अंदाज में जाहिर किया. आमतौर पर जन्मदिन का आयोजन परिवार और दोस्तों के साथ किया जाता है, लेकिन राजेश वर्मा ने अपनी भैंस बसंती के लिए भी इसी तरह का जश्न आयोजित किया. बड़गांव में हुए इस आयोजन की तस्वीरें और वीडियो अब लोगों के बीच चर्चा का विषय बने हुए हैं.

सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
राजेश वर्मा का यह पशु प्रेम सोशल मीडिया पर भी खूब चर्चा में है. लोग बसंती के जन्मदिन का वीडियो शेयर कर रहे हैं और इस अनोखे अंदाज की तारीफ कर रहे हैं. खास तौर पर इंसान और जानवर के बीच दिखाई देने वाले इस लगाव को लोग पसंद कर रहे हैं. लोगों का कहना है कि जिस तरह राजेश वर्मा ने अपनी पालतू भैंस का जन्मदिन मनाया, वह पशुओं के प्रति उनके प्यार को दिखाता है.

ये भी पढ़ें