Bareilly Viral Video
Bareilly Viral Video
उत्तर प्रदेश के बरेली से एक हैरान कर देने वाला वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें एक महिला दूसरी महिला को एक के बाद एक थप्पड़ मारते हुए दिखाई दे रही है. बताया जा रहा है बरेली में लोगों के घरों में साफ-सफाई का काम करने वाली एक महिला की मां के साथ यह घटना हुई है. मजदूरी मांगने के लिए जब महिला अपनी मालकिन के पास पहुंची तो वह आग बबूला हो गई और उसने एक के बाद एक महिला को 11 थप्पड़ मार दिए. इस घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर खूब तेजी से वायरल हुआ.
बरेली के सुभाष नगर का है मामला
यह पूरा मामला बरेली का सुभाष नगर क्षेत्र का है. इस पूरे मामले में पीड़ित महिला की ओर से पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई है. पीड़ित महिला ने पुलिस को बताया है कि मेरी बेटी महिला के घर पर काम करती थी. वह कई दिनों से बीमार चल रही थी. अस्पताल में एडमिट थी. बेटी ने रुपए लेने मालकिन के पास भेजा था लेकिन रुपए देने के बदले महिला ने मारपीट की और बेइज्जत किया. फिलहाल इस पूरे मामले में जांच पड़ताल पुलिस ने शुरू कर दी है.
पुलिस अधिकारियों से लगाई गुहार
बताया जा रहा है सुभाष नगर थाना क्षेत्र की रहने वाली विमला देवी ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य को शिकायत पत्र दिया जिसमें उसने कहा कि उसकी बेटी पिछले 8 महीने से करगैना क्षेत्र में ममता नाम की महिला के घर पर झाड़ू पोछा का काम करती थी लेकिन तभी बेटी की तबीयत खराब हो गई थी. इलाज के लिए दिल्ली भेजा गया. बेटी ने बताया कि वह काम करती है और मालकिन के पास रुपए बाकी है. वह रुपए लेकर आ जाए जिससे कि दवाई का खर्च उठाया जा सके. महिला ने पुलिस को बताया है कि जब उसने मालकिन से रुपए मांगे तो गंदी-गंदी गालियां देने लगी और थप्पड़ मारना शुरू कर दिए.
8 महीने से नहीं दी थी मजदूरी
पीड़ित महिला ने पुलिस को बताया है कि महिला अपनी बेटी की मजदूरी के 1200 लेने के लिए गई थी लेकिन मालकिन ने रुपए देने से साफ इनकार कर दिया और एक के बाद एक थप्पड़ मारने लगी. पीड़ित महिला ने यह भी बताया है कि पिछले 8 महीने से वह महिला के यहां काम कर रही थी और 5000 रुपए प्रति महीना देने की बात तय हुई थी, पिछले आठ महीना से एक पैसा भी उसको नहीं दिया गया और उल्टा उसे जान से मारने की धमकी दी गई है.
-कृष्ण गोपाल राज की रिपोर्ट