scorecardresearch

Barmer Murder Case: इंस्टाग्राम पर बढ़े फॉलोअर्स तो प्रेमी के साथ मिलकर रची पति की हत्या की खौफनाक साजिश

राजस्थान के बाड़मेर जिले के गरल गांव में 4 बच्चों की मां और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर पत्नी ने अपने टैक्सी ड्राइवर प्रेमी के साथ मिलकर सुनियोजित तरीके से हत्या कर दी. पति को अवैध संबंधों की भनक लगने के बाद पत्नी ने जाल बुना. प्रेमी ने पति को धोरीमन्ना बुलाकर जमकर शराब पिलाई और बेसुध होने पर 30 किमी दूर मालपुरा फांटा के पास एक सुनसान खेत के पानी के टांके (कुएं) में फेंक दिया.

barmer social media influencer wife and lover arrested barmer social media influencer wife and lover arrested

राजस्थान के बाड़मेर जिले में एक बार फिर रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है. जहां 4 बच्चों की मां और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति को सुनियोजित तरीके से मौत के घाट उतार दिया. यही नहीं, पत्नी और उसके प्रेमी ने मृतक पति के शव को गांव से दूर एक सुनसान खेत में बने टांके में डाल दिया.

4 जून को मिला था तेजाराम का शव
पूरा घटनाक्रम 4 जून का है, जब बाड़मेर के गरल गांव के रहने वाले 42 वर्षीय तेजाराम का शव मालपुरा फांटा के पास एक खेत में बने पानी के टांके में मिला था. घटना के बाद मृतक के भाई महेशाराम ने तेजाराम की पत्नी नेतल (36 वर्ष) और उसके प्रेमी गुमानसिंह (30) निवासी मिठड़ा पर हत्या का संदेह जताया था.

मृतक के भाई का आरोप था कि आरोपी गुमानसिंह एक टैक्सी चालक है और उसके भाभी के साथ अवैध संबंध हैं. इन संबंधों का पता उसके भाई तेजाराम को चल गया था. इसी के चलते संभवतः दोनों ने मिलकर उसकी हत्या कर दी और शव को टांके में डाल दिया. मृतक के भाई की रिपोर्ट पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच-पड़ताल शुरू की.

पुलिस ने पत्नी और प्रेमी को किया गिरफ्तार
पुलिस ने तकनीकी मदद, साक्ष्यों और जांच के आधार पर इस हत्याकांड का पर्दाफाश कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया है. बाड़मेर डीएसपी रमेश कुमार शर्मा ने बताया कि तेजाराम की हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपी पत्नी और उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया. जहां कोर्ट ने आरोपी पत्नी को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है. वहीं उसके प्रेमी गुमानसिंह को दो दिन की पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ शुरू कर दी गई है.

इंस्टाग्राम पर पहचान के बाद हुई दोनों की मुलाकात
पुलिस जांच में सामने आया कि मृतक की पत्नी नेतल सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव रहती है. इंस्टाग्राम पर उसके करीब 42 हजार फॉलोअर्स हैं और उसकी पहचान एक सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर के रूप में है. इंस्टाग्राम के जरिए ही नेतल की पहचान टैक्सी ड्राइवर गुमानसिंह से हुई थी. इसके बाद दोनों की मुलाकात हुई. मुलाकात के बाद दोनों के बीच अवैध संबंध बने और फिर पति की खौफनाक हत्या की साजिश रची गई.

पति को संबंधों की भनक लगने पर बढ़ने लगे विवाद
पुलिस के मुताबिक नेतल का पति तेजाराम जालोर के चितलवाना में एक बिल्डिंग कंस्ट्रक्शन साइट पर काम करता था और अकसर घर से बाहर रहता था. जब तेजाराम को दोनों के संबंधों की भनक लगी तो पति-पत्नी के बीच अकसर झगड़ा होने लगा. तेजाराम अपनी पत्नी को टैक्सी ड्राइवर गुमानसिंह से दूर रहने की हिदायत देता था.

फिर रची गई हत्या की साजिश
पति के विरोध से पीछा छुड़ाने के लिए नेतल और उसके प्रेमी गुमानसिंह ने मिलकर तेजाराम को रास्ते से हटाने का प्लान बनाया. सोची-समझी साजिश के तहत 2 जून को पत्नी नेतल ने पति तेजाराम को फोन किया और कहा कि वह उससे परेशान हो चुकी है और अब घर छोड़कर जा रही है. इसके बाद उसने अपना फोन बंद कर लिया.

जाल में फंसाकर बुलाया धोरीमन्ना
पत्नी का फोन बंद होने के कारण परेशान होकर तेजाराम जालोर से अपनी पत्नी को ढूंढने के लिए निकल पड़ा. इसी दौरान नेतल का फोन चालू न होने पर तेजाराम ने टैक्सी ड्राइवर गुमानसिंह को फोन किया. गुमानसिंह ने उसे झांसे में लिया और कहा कि तुम धोरीमन्ना (बाड़मेर) आ जाओ, फिर मिलकर देखते हैं.

शराब पिलाकर उतारा मौत के घाट
2 जून की देर शाम जब तेजाराम धोरीमन्ना पहुंचा तो वहां गुमानसिंह ने उसे विश्वास में लिया और जमकर शराब पिलाई. जब तेजाराम पूरी तरह नशे में धुत हो गया तो गुमानसिंह उसे अपनी टैक्सी में बैठाकर वहां से रवाना हो गया और धोरीमन्ना से करीब 30 किलोमीटर दूर मालपुरा फांटा के पास एक खेत में ले गया. वहां उसने नशे की हालत में बेसुध तेजाराम को खेत में बने पानी के टांके में फेंक दिया. टांके में डूबने के कारण उसकी मौत हो गई. वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने तेजाराम का बैग और मोबाइल फोन टांके के बाहर ही फेंक दिया और वहां से फरार हो गया.

ऐसे हुआ पूरे हत्याकांड का खुलासा
खेत के मालिक ने टांके में शव देखा तो तुरंत पुलिस को सूचना दी. डीएसपी रमेश कुमार शर्मा के नेतृत्व में जांच कर रही पुलिस टीम को मृतक तेजाराम का मोबाइल फोन स्विच ऑफ मिला. जब पुलिस ने फोन को चार्ज कर ऑन किया तो उसमें कई मिस्ड कॉल और कॉल डिटेल्स मिलीं. तकनीकी जांच और कॉल रिकॉर्ड्स के आधार पर पुलिस ने कड़ियां जोड़ीं तो पूरी सच्चाई सामने आ गई. इसके बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे पहुंचा दिया.
 

ये भी पढ़ें