AI Made Image
AI Made Image
पुलिस ने लोगों से अपील किया है कि यदि वे कुछ दिनों के लिए घर बंद करके बाहर जा रहे हैं, तो इसकी सूचना अपने संबंधित थाने को जरूर दें. ताकि चोरी की वारदात को रोका जा सकते. इस पहल का मकसद आम जनता को राहत देना और उनके कीमती सामान की रक्षा करना है. अकसर चोर घर खाली देख कर बड़े-बड़े घटना को अंजाम दे देते हैं. पुलिस के इस पहल से चोरों पर नकेल कसना आसान हो जाएगा.
लाउडस्पीकर और व्हाट्सऐप से दी जा रही जानकारी
पिछले दो दिनों से गोरखपुर पुलिस शहरभर में इस अभियान को चला रही है. पुलिस की टीमें विभिन्न इलाकों में लाउडस्पीकर के माध्यम से लोगों को जागरूक कर रही हैं. इसके साथ ही थानों के व्हाट्सऐप ग्रुप और अन्य डिजिटल माध्यमों से भी लोगों तक यह संदेश पहुंचाया जा रहा है कि घर खाली छोड़ने से पहले पुलिस को इसकी जानकारी जरूर दें.
पुलिस का कहना है कि यदि कोई परिवार कुछ दिनों के लिए बाहर जा रहा है और घर में कोई सदस्य मौजूद नहीं रहेगा, तो संबंधित थाने को सूचना देने पर उस मकान की निगरानी बढ़ा दी जाएगी. गश्ती दल ऐसे घरों के आसपास नियमित रूप से नजर रखेंगे, ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई की जा सके.
चोरी की घटनाओं के विश्लेषण के बाद शुरू हुई पहल
पुलिस अधिकारियों के अनुसार हाल के दिनों में चोरी की कुछ घटनाओं की जांच के दौरान यह बात सामने आई कि चोर मुख्य रूप से उन्हीं घरों को निशाना बना रहे थे, जहां लंबे समय तक कोई मौजूद नहीं रहता था. इसी इनपुट के आधार पर पुलिस ने पहले से सतर्कता बरतने और लोगों को जागरूक करने का फैसला लिया.
इस अभियान को लेकर शहरवासियों का अच्छा सहयोग देखने को मिल रहा है. कई लोगों ने अपने संबंधित थानों को पहले ही सूचना देनी शुरू कर दी है. पुलिस सूत्रों के मुताबिक कुछ थानों में ऐसे आवेदन और सूचनाएं प्राप्त भी हुई हैं, जिनके आधार पर संबंधित क्षेत्रों में निगरानी बढ़ा दी गई है. हालांकि ये अभियान कैसा चल रहा और इसे कितनी सफलता मिली ये 1 हफ्ते बाद पता चलेगा.
सुरक्षा को लेकर बढ़ा भरोसा
स्थानीय लोगों का कहना है कि यह पहल न सिर्फ चोरी की घटनाओं को रोकने में मददगार साबित होगी, बल्कि लोगों में सुरक्षा का भरोसा भी बढ़ाएगी. खासकर उन परिवारों के लिए यह राहत भरी खबर है, जो अकसर शादी, त्योहार या छुट्टियों के दौरान कई दिनों तक घर से बाहर रहते हैं.
पुलिस की अपील
गोरखपुर पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यदि वे घर बंद करके कहीं जा रहे हैं, तो बिना झिझक अपने स्थानीय थाने को इसकी सूचना दें. एक छोटी-सी जानकारी आपके घर की सुरक्षा को और मजबूत बना सकती है, जबकि पुलिस की बढ़ी हुई निगरानी किसी भी अप्रिय घटना को रोकने में अहम भूमिका निभा सकती है.
(रिपोर्ट- रवि गुप्ता)
ये भी पढ़ें