new train inauguration
new train inauguration
दिल्ली और बिहार के बीच सफर करने वाले लाखों यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है. रेलवे जल्द ही छपरा और आनंद विहार टर्मिनल के बीच नई रेल सेवा शुरू करने जा रहा है. लंबे समय से इस रूट पर सीधी ट्रेन की मांग की जा रही थी, जिसे अब हरी झंडी मिल गई है. नई ट्रेन का नंबर 02527 छपरा-आनंद विहार स्पेशल होगा. इसके शुरू होने से बिहार और पूर्वी उत्तर प्रदेश के यात्रियों को राजधानी दिल्ली पहुंचने के लिए एक और सुविधाजनक विकल्प मिलेगा.
19 जून को होगा शुभारंभ
जानकारी के मुताबिक इस नई ट्रेन सेवा का उद्घाटन 19 जून को किया जाएगा. केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी संयुक्त रूप से ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे. उद्घाटन को लेकर रेलवे प्रशासन की तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी हैं और स्थानीय स्तर पर भी उत्साह का माहौल देखा जा रहा है.
दोपहर 1:45 बजे छपरा से रवाना होगी ट्रेन
रेलवे द्वारा जारी प्रस्तावित समय-सारिणी के अनुसार ट्रेन संख्या 02527 छपरा से दोपहर 1 बजकर 45 मिनट पर रवाना होगी. इसके बाद यह बलिया पहुंचेगी, जहां इसका समय दोपहर 3 बजे आगमन और 3:05 बजे प्रस्थान का रहेगा. मऊ में ट्रेन 4:05 बजे पहुंचेगी और 4:10 बजे रवाना होगी, जबकि आजमगढ़ में इसका ठहराव 4:40 से 4:45 बजे तक रहेगा. इसके बाद ट्रेन शाहगंज, जौनपुर और सुल्तानपुर होते हुए आगे बढ़ेगी. शाहगंज में ट्रेन 6:10 बजे पहुंचेगी और 6:15 बजे रवाना होगी, जौनपुर में 6:53 से 6:58 बजे तक रुकेगी, जबकि सुल्तानपुर में इसका ठहराव 8:30 से 8:32 बजे तक रहेगा.
लखनऊ और कानपुर के यात्रियों को भी फायदा
नई ट्रेन रात 10 बजे लखनऊ पहुंचेगी और 10:10 बजे वहां से रवाना होगी. इसके बाद यह 11:50 बजे कानपुर सेंट्रल पहुंचेगी और 11:55 बजे आगे बढ़ेगी. रात के सफर के दौरान ट्रेन अलीगढ़ और गाजियाबाद में भी रुकेगी. अलीगढ़ में इसका समय सुबह 3:55 से 4 बजे तक रहेगा, जबकि गाजियाबाद में ट्रेन 6:05 बजे पहुंचेगी और 6:10 बजे रवाना होगी. इसके बाद ट्रेन अगले दिन सुबह 7:30 बजे आनंद विहार टर्मिनल पहुंच जाएगी.
कितना हो सकता है किराया?
इस ट्रेन में 5 जर्नल बोगी सहित कुल 18 कोच होंगे. रेलवे ने अभी आधिकारिक किराया घोषित नहीं किया है, लेकिन मौजूदा ट्रेनों और दूरी के आधार पर अनुमान लगाया जा रहा है कि स्लीपर क्लास का किराया लगभग 550 से 700 रुपये, थर्ड एसी का किराया 1400 से 1800 रुपये और सेकंड एसी का किराया 2000 से 2600 रुपये के बीच हो सकता है. अंतिम किराया रेलवे की आधिकारिक घोषणा के बाद ही स्पष्ट होगा. ट्रेन में कुल 18 कोच लगाए जाएंगे. इनमें 5 थर्ड एसी, 2 सेकेंड एसी, 4 स्लीपर और 5 जनरल कोच शामिल होंगे. इसके अलावा दोनों सिरों पर गार्ड और लगेज वैन भी लगाई जाएंगी.
पूर्वांचल और बिहार के लिए बड़ी सौगात
छपरा, बलिया, मऊ, आजमगढ़, जौनपुर, सुल्तानपुर और लखनऊ के यात्रियों को इस ट्रेन से सीधा फायदा मिलेगा. अभी तक इस रूट पर यात्रा करने वाले लोगों को भीड़ और सीटों की कमी जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ता था. नई ट्रेन शुरू होने से यात्रियों को एक अतिरिक्त विकल्प मिलेगा और त्योहारों व छुट्टियों के दौरान ट्रेनों पर बढ़ने वाला दबाव भी कम होने की उम्मीद है. रेलवे की यह पहल बिहार और पूर्वांचल की रेल कनेक्टिविटी को मजबूत करने की दिशा में एक अहम कदम मानी जा रही है.
(रिपोर्ट- अमृता सिन्हा)
ये भी पढ़ें