Delhi Surya namaskar World Record
Delhi Surya namaskar World Record
कड़ी मेहनत, अनुशासन और अटूट संकल्प के दम पर एक साधारण परिवार से निकलकर संदीप आर्य ने योग की दुनिया में ऐसा मुकाम हासिल किया है, जिस पर आज पूरा देश गर्व कर रहा है. सूर्य नमस्कार में 6 वर्ल्ड रिकॉर्ड अपने नाम कर चुके संदीप आर्य ने 36 घंटे 21 मिनट तक लगातार सूर्य नमस्कार कर इतिहास रच दिया. उनकी इस उपलब्धि ने उन्हें देश ही नहीं बल्कि विदेशों में भी पहचान दिलाई है.
संदीप आर्य का जन्म एक साधारण परिवार में हुआ. बचपन से ही वह अनुशासित और मेहनती रहे. जहां उनकी उम्र के दूसरे बच्चे खेल-कूद और मनोरंजन में समय बिताते थे, वहीं संदीप ने योग और व्यायाम को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बना लिया था. उनका सपना था कि वह ऐसा रिकॉर्ड बनाएं जिसे पूरी दुनिया याद रखे.
एथलीट बनने का सपना अधूरा रह गया
संदीप का खेलों से जुड़ाव बचपन से रहा है. वह एक सफल एथलीट बनना चाहते थे और 400 मीटर दौड़ में ओलंपिक पदक जीतने का सपना देखते थे. लेकिन लिगामेंट इंजरी के कारण उनका यह सपना अधूरा रह गया. इसके बाद उन्होंने अपना पूरा ध्यान योग की ओर लगा दिया और उसी में नई पहचान बनाने का फैसला किया.
12 घंटे तक करते हैं अभ्यास
संदीप बताते हैं कि योग में सफलता पाने के लिए उन्होंने दिन-रात कड़ी मेहनत की. वह रोजाना करीब 12-12 घंटे अभ्यास करते हैं. इतना ही नहीं, किसी बड़ी प्रतियोगिता की तैयारी के दौरान वह 6 से 7 दिन पहले से खाना तक छोड़ देते हैं. उनका कहना है कि वह कई दिनों तक बिना भोजन के भी रह सकते हैं.
सूर्य नमस्कार को बनाया साधना का माध्यम
संदीप ने योग को केवल एक अभ्यास नहीं बल्कि अपने जीवन का मिशन बना लिया. उन्होंने सूर्य नमस्कार को साधना का माध्यम बनाया और लगातार अभ्यास से खुद को शारीरिक व मानसिक रूप से मजबूत किया. उनकी असाधारण क्षमता को देखते हुए कई लोगों ने उनके शरीर और प्रदर्शन पर रिसर्च भी की है.
विदेश से मिला नागरिकता का प्रस्ताव
संदीप आर्य का दावा है कि उनके योग प्रदर्शन से प्रभावित होकर पोलैंड ने उन्हें अपने देश की नागरिकता और कई सुविधाएं देने का प्रस्ताव दिया है. हालांकि वह अभी इस विषय पर विचार कर रहे हैं.
आज संदीप आर्य लाखों युवाओं के लिए प्रेरणा बन चुके हैं. उनका मानना है कि सपनों को पूरा करने के लिए निरंतर मेहनत और समर्पण जरूरी है. संदीप का एक और सपना है कि वह एक दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ सूर्य नमस्कार करें. उनकी सफलता यह साबित करती है कि दृढ़ इच्छाशक्ति के सामने कोई लक्ष्य असंभव नहीं होता.
रिपोर्टर: मनीष चौरसिया
ये भी पढ़ें: