Bengaluru man kidnaps ex girlfriend car blast
Bengaluru man kidnaps ex girlfriend car blast
कर्नाटक के तुमकुरु जिले से रिश्तों में बढ़ती हिंसा का एक और चौंकाने वाला मामला बेंगलुरु से सामने आया है. यहां एक युवक ने अपनी एक्स गर्लफ्रेंड से अलग होने के बाद कथित तौर पर उसे जबरन अपने साथ कार में ले गया. आरोप है कि वह महिला को बेंगलुरु से कार में बैठाकर अंकोला की ओर ले जा रहा था. रास्ते में दोनों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि युवक ने महिला पर चाकू से हमला कर दिया. हालांकि महिला किसी तरह कार से बाहर निकलने में सफल रही. इसके कुछ ही सेकंड बाद कार में जोरदार धमाका हुआ और आग लग गई. इस हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि महिला और कैब चालक घायल हो गए. पूरे मामले की जांच पुलिस और फॉरेंसिक टीम कर रही है.
सालों तक साथ रहे, फिर रिश्ते में आ गई दरार
पुलिस की शुरुआती जांच के अनुसार, मृतक की पहचान 30 वर्षीय नागेंद्र के रूप में हुई है, जो उत्तर कन्नड़ जिले के अंकोला का रहने वाला था. वहीं, महिला बेंगलुरु के संजय गांधी अस्पताल में ऑपरेशन थिएटर टेक्नीशियन के पद पर कार्यरत है. बताया जा रहा है कि दोनों सालों तक रिलेशनशिप में थे. इस दौरान शादी की भी चर्चा हुई थी, लेकिन पिछले कुछ महीनों में दोनों के बीच लगातार विवाद होने लगा. हालात ऐसे बने कि महिला ने नागेंद्र से दूरी बना ली और उसका मोबाइल नंबर तक ब्लॉक कर दिया. पुलिस का मानना है कि ब्रेकअप के बाद नागेंद्र इस रिश्ते को खत्म होने से स्वीकार नहीं कर पा रहा था.
किराए के कमरे से जबरन साथ ले जाने का आरोप
पुलिस के मुताबिक, शनिवार सुबह नागेंद्र सीधे बेंगलुरु के जयनगर स्थित महिला के किराए के कमरे पर पहुंचा. वहां दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई, जो कुछ ही देर में बहस में बदल गई. आरोप है कि इसके बाद उसने महिला को जबरन एक कैब में बैठा लिया और अंकोला की तरफ निकल गया. जब महिला काफी देर तक वापस नहीं लौटी तो उसकी रूममेट और परिजनों को शक हुआ. उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी कि महिला को जबरन ले जाया गया है. शिकायत मिलते ही पुलिस ने कैब की लोकेशन ट्रेस करने और उसे रोकने की कोशिश शुरू कर दी.
सफर के दौरान लगातार देता रहा धमकी
जांच में सामने आया है कि रास्ते भर नागेंद्र महिला पर शादी के लिए दबाव बनाता रहा. पुलिस के अनुसार, उसने कथित तौर पर महिला से कहा कि अगर वह उसकी नहीं हुई तो वह पहले उसे मार देगा और फिर खुद भी जान दे देगा. जब कार तुमकुरु जिले के जोगिहल्ली इलाके के पास पहुंची तो विवाद और बढ़ गया. इसी दौरान नागेंद्र ने महिला पर चाकू से हमला कर दिया. जिसको देखकर चालक में कार रोक दी और घायल होने के बावजूद महिला तुरंत कार से बाहर निकल गई. चालक भी अपनी जान बचाने के लिए गाड़ी से दूर चला गया.
कुछ ही पल में कार में हुआ धमाका
महिला और चालक के बाहर निकलने के कुछ ही सेकंड बाद कार में तेज धमाका हुआ. धमाका इतना जोरदार था कि पूरी कार देखते ही देखते आग की लपटों में घिर गई. नागेंद्र कार के अंदर ही फंस गया और बाहर निकलने का मौका नहीं मिला. आग लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई. वहीं, घायल महिला और कैब चालक को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है.
विस्फोटक साथ लाने का शक, फॉरेंसिक जांच जारी
पुलिस को शुरुआती जांच में संदेह है कि नागेंद्र अपने साथ किसी तरह का विस्फोटक पदार्थ लेकर आया था. घटनास्थल से कुछ संदिग्ध सामग्री भी बरामद की गई है, जिसे जांच के लिए फॉरेंसिक लैब भेजा गया है. हालांकि अभी यह साफ नहीं हो पाया है कि धमाका किस वजह से हुआ. क्या कार में पहले से कोई विस्फोटक रखा गया था या फिर किसी अन्य कारण से आग लगी, इसका जवाब फॉरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद ही मिल सकेगा.
हर एंगल से जांच कर रही पुलिस
तुमकुरु के पुलिस अधीक्षक अशोक के.वी. ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी. शुरुआती जांच में सामने आया है कि युवक और महिला पहले रिलेशनशिप में थे और ब्रेकअप के बाद यह पूरी घटना हुई. पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि नागेंद्र के पास संदिग्ध विस्फोटक सामग्री कहां से आई, उसका उद्देश्य क्या था और घटना के पीछे पूरी साजिश क्या थी. फिलहाल मामले के सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है.
ये भी पढे़ं