scorecardresearch

दहेज की लालच में टूटी शादी, मंडप पर दूल्हे का इंतजार करती रही दुल्हन, बुलेट और 2 लाख रुपए नहीं मिलने पर बारात लाने से इनकार

दहेज एक बेटी और उसके परिवार के लिए कितना बड़ा अभिशाप हो सकता है, ये इस घटना ने उजागर कर दिया. ये मामला यूपी के सहारनपुर का है जहां दुल्हन मेहंदी हाथों पर रचा कर, मंडप पर बैठी दूल्हे का इंतजार करती रही, लेकिन दूल्हा एक बाइक और केवल 2 लाख रुपए के लालच में आकर शादी के मंडप पर आने से ही इनकार कर दिया.

सहारनपुर खबर सहारनपुर खबर

सहारनपुर में दहेज की मांग ने एक बेटी के अरमानों को तोड़ दिया. शहर के 62 फुटा रोड स्थित ताज पैलेस में शनिवार को शादी की सभी तैयारियां पूरी हो चुकी थीं. दुल्हन नगमा हाथों में मेहंदी लगाए अपने दूल्हे का इंतजार कर रही थी, लेकिन पूरी खुशी का वातावरण तब चिंतापूर्ण हो गया, जब तय समय पर बारात विवाह के निर्धारित स्थान पर नहीं पहुंची. परिजन घंटों तक बारात आने की आस लगा कर बैठे रहे, मगर शाम तक इंतजार मायूसी में बदल गया.

शादी से पहले रखी दो लाख रुपए और बाइक की मांग
पीड़ित परिवार का आरोप है कि दूल्हा समीर, निवासी कांधला (जिला शामली), ने शादी से ठीक पहले दहेज में अपाचे/बुलेट बाइक और दो लाख रुपए नकदी की मांग रखी थी. दुल्हन के पिता दीन मोहम्मद, जो पेशे से पेंटर हैं, उन्होंने बताया कि वह अपनी हैसियत से बढ़कर बेटी की शादी की तैयारियां की थीं. 23 जून को घरेलू सामान भी लड़के पक्ष को दे दिया था. इसके बावजूद उनकी मांग नहीं रुकी और अतिरिक्त दहेज की मांग कर बारात लाने से इनकार कर दिया गया.

दुल्हन ने लगाया धमकी देने का आरोप
दुल्हन नगमा ने आरोप लगाया कि दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर लड़के ने दहेज के सामान में आग लगाकर बाहर फेंकने तक की धमकी दी. वहीं, दुल्हन की मां नूरझा का कहना है कि उन्होंने लड़के पक्ष से बिना किसी अतिरिक्त दहेज के सिर्फ निकाह कर बेटी को विदा करने की गुहार लगाई थी, लेकिन लड़के वाले दो लाख रुपए और बाइक की मांग पर अड़े रहे. परिवार का कहना है कि बेटी के हाथों में मेहंदी लगी थी, बूतना भी हो चुका था और सभी मेहमान बारात का इंतजार कर रहे थे.

इंसाफ की मांग लेकर पुलिस के पास पहुंचा परिवार
पीड़ित पक्ष ने थाने पहुंचकर पुलिस को तहरीर दी है. परिवार ने दूल्हा समीर, उसके परिजनों और अन्य रिश्तेदारों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है. परिवार का कहना है कि दुल्हन के पिता मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं और कानून का पालन करने वाले नागरिक हैं. वे अतिरिक्त दहेज की मांग पूरी करने में सक्षम नहीं हैं. शादी की खुशियां पलभर में मातम में बदल गईं और अब पूरा परिवार न्याय का इंतजार कर रहा है.

पुलिस ने जांच का दिया भरोसा
सीओ प्रथम रविकांत पाराशर ने बताया कि 62 फुटा रोड स्थित एक मैरिज हॉल में लड़की की बारात आनी थी, लेकिन बारात नहीं पहुंची. लड़की पक्ष की ओर से तहरीर प्राप्त हुई है. शिकायत में आरोप लगाया गया है कि दूल्हा पक्ष दो लाख रुपए नकद और बुलेट बाइक दहेज में मांग रहा था. उन्होंने कहा कि पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी.

दुल्हन बोली- हमें सिर्फ इंसाफ चाहिए
दुल्हन नगमा ने बताया कि उसका रिश्ता कांधला में तय हुआ था. पहले दहेज का सामान लेने के बाद लड़के पक्ष ने दो लाख रुपए और बुलेट/अपाचे बाइक की मांग रख दी. उसने आरोप लगाया कि लड़के ने धमकी दी थी कि यदि पैसे नहीं मिले तो दहेज के सामान में आग लगाकर बाहर फेंक देगा. नगमा ने कहा कि उन्हें सिर्फ कानून से इंसाफ चाहिए.

पिता बोले- हैसियत से बढ़कर की थी तैयारी
दुल्हन के पिता दीन मोहम्मद ने बताया कि वे पुराना कलसिया रोड के रहने वाले हैं. शनिवार को उनके यहां बारात आनी थी, लेकिन नहीं आई. उन्होंने कहा कि तीन दिन पहले लड़के पक्ष ने दो लाख रुपए और बुलेट बाइक की मांग की, जिसे पूरा करना उनके लिए संभव नहीं था. रिश्ता तीन-चार महीने पहले तय हुआ था और दहेज की यह मांग अचानक की गई. उन्होंने कहा कि उन्हें सिर्फ न्याय चाहिए.
(रिपोर्ट- अनिल कुमार भारद्वाज)

येे भी पढ़ें