Samastipur Viral Video
Samastipur Viral Video
समस्तीपुर जिले में मोहर्रम जुलूस के दौरान हुई हिंसक घटनाओं ने कानून व्यवस्था को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं. सबसे ज्यादा चर्चा उस वायरल वीडियो की हो रही है जिसमें एक पुलिस जवान जान बचाकर भागता दिखाई दे रहा है और कुछ युवक हाथों में लाठी लेकर उसका पीछा करते हुए हमला कर रहे हैं. इस वीडियो के सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं. वहीं बिहार पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए समस्तीपुर पुलिस को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं. चलिए आपको बताते हैं पूरा मामला क्या है.
रामनगर में पुलिस पर हमले का वीडियो हुआ वायरल
जानकारी के अनुसार शुक्रवार देर रात मथुरापुर थाना क्षेत्र के रामनगर में मोहर्रम का ताजिया जुलूस निकाला जा रहा था. इसी दौरान जुलूस में शामिल कुछ युवकों के बीच कहासुनी हो गई. देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के बीच लाठी-डंडे चलने लगे. मौके पर मौजूद पुलिस जवान जब दोनों पक्षों को शांत कराने पहुंचे तो उपद्रवियों ने पुलिस पर ही हमला कर दिया. वायरल वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि एक पुलिस जवान अपनी जान बचाने के लिए भाग रहा है और कुछ युवक उसके पीछे लाठी लेकर दौड़ रहे हैं.
तीन जगह हुईं अलग-अलग घटनाएं
मोहर्रम के दौरान जिले में तीन अलग-अलग स्थानों पर हिंसा की घटनाएं सामने आईं. पहली घटना नगरबस्ती में हुई, जहां करतब दिखाने के दौरान एक लाठी दुकान के शटर से टकरा गई. इसके बाद एक मकान की छत से पत्थरबाजी शुरू हो गई और जवाब में जुलूस में शामिल लोगों ने भी पथराव कर दिया.
दूसरी घटना कल्याणपुर थाना क्षेत्र के गोपालपुर भुट्टा चौक के पास हुई. यहां जुलूस में शामिल जावेद नामक युवक की हैदर नाम के युवक ने कथित तौर पर चाकू मारकर हत्या कर दी.
तीसरी घटना रामनगर की रही, जहां पुलिस जवान पर हमले का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया.
पुलिस ने शुरू की कार्रवाई
इन तीनों घटनाओं में अलग-अलग स्थानों पर तीन पुलिसकर्मियों के घायल होने की बात सामने आई है. फिलहाल सभी संवेदनशील इलाकों में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है. पुलिस वायरल वीडियो और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर उपद्रवियों की पहचान कर रही है. आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. वहीं सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो को लेकर बहस भी तेज हो गई है.
ये भी पढ़ें: