scorecardresearch

कड़ाही में बचा तेल कितनी बार करें इस्तेमाल? जानिए कब बन जाता है सेहत के लिए खतरनाक और नुकसानदायक

बार-बार गर्म किया गया या लंबे समय तक रखा हुआ तेल सेहत के लिए नुकसानदायक साबित हो सकता है. हालांकि, कई लोगों को पता नहीं होता कि बचा हुआ तेल कितनी बार और कितने दिन तक सुरक्षित तरीके से इस्तेमाल किया जा सकता है. तो चलिए आपकी इस कन्फ्यूजन को दूर करते हैं.

Cooking Oil Guidelines Cooking Oil Guidelines

घरों में पकौड़े, पूड़ी, समोसे या दूसरी तली हुई चीजें बनाने के बाद अक्सर कड़ाही में तेल बच जाता है. कई लोग इसे फेंकने के बजाय दोबारा इस्तेमाल कर लेते हैं. बार-बार गर्म किया गया या लंबे समय तक रखा हुआ तेल सेहत के लिए नुकसानदायक साबित हो सकता है. हालांकि, कई लोगों को पता नहीं होता कि बचा हुआ तेल कितनी बार और कितने दिन तक सुरक्षित तरीके से इस्तेमाल किया जा सकता है. तो चलिए आपकी इस कन्फ्यूजन को दूर करते हैं.

तीन बार से ज्यादा तेल गर्म करना नहीं है सुरक्षित
फूड सेफ्टी एंड स्टैंडर्ड अथॉरिटी ऑफ इंडिया के अनुसार, खाना बनाने वाले तेल को तीन बार से ज्यादा दोबारा गर्म नहीं करना चाहिए. बार-बार गर्म करने पर तेल में टोटल पोलर कंपाउंड नाम के हानिकारक तत्व बनने लगते हैं. अगर इनकी मात्रा 25 प्रतिशत से ज्यादा हो जाए, तो ऐसा तेल खाना बनाने के लिए सुरक्षित नहीं माना जाता.

बार-बार गर्म करने से बढ़ता है बीमारी का खतरा
तेल को बार-बार तेज आंच पर गर्म करने से उसमें ऑक्सीकरण की प्रक्रिया शुरू हो जाती है. इससे एल्डिहाइड्स, फ्री रेडिकल्स और ट्रांस फैट जैसे हानिकारक तत्व बनते हैं. लंबे समय तक ऐसे तेल का सेवन करने से हृदय रोग, लिवर की समस्याएं, सूजन और कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों का खतरा बढ़ सकता है.

बचा हुआ तेल कितने दिन तक इस्तेमाल करें
अगर तेल दोबारा इस्तेमाल करना जरूरी हो, तो पहले उसे अच्छी तरह छान लें ताकि खाने के छोटे कण निकल जाएं. इसके बाद तेल को एयरटाइट बर्तन में भरकर ठंडी और सूखी जगह पर रखें. ऐसे तेल का इस्तेमाल 1 से 2 दिन के भीतर और केवल एक बार करना ही बेहतर होता है.

इन संकेतों को कभी नजरअंदाज न करें
अगर तेल से बासी या अजीब गंध आने लगे, उसमें झाग बनने लगे, उसका रंग बहुत गहरा हो जाए या गर्म करने पर वह ज्यादा गाढ़ा और धुंधला दिखाई दे, तो उसे तुरंत फेंक दें. ऐसा तेल स्वास्थ्य के लिए नुकसानदायक हो सकता है.

दोबारा इस्तेमाल करते समय रखें ये सावधानियां
कम स्मोक पॉइंट वाले तेल, जैसे ऑलिव ऑयल और नारियल तेल को दोबारा गर्म करने से बचें. तेल को हमेशा छानकर ही रखें और इस्तेमाल करने से पहले उसकी गंध, रंग और गुणवत्ता जरूर जांच लें. अगर तेल खराब लग रहा हो, तो उसे दोबारा इस्तेमाल करने की बजाय फेंक देना ही सबसे सुरक्षित विकल्प है.

ये भी पढ़ें: