गांजे का पौधा
गांजे का पौधा
राजधानी भोपाल में गांजा पीने की ऐसी तलब सामने आई, जिसने पुलिस को भी हैरान कर दिया. एक मजदूर ने जिस निर्माणाधीन बिल्डिंग में मजदूरी की, उसी जगह गांजे के पौधे उगा डाले. पुलिस को सूचना मिलने के बाद मौके पर दबिश दी गई, जहां जांच के दौरान गांजे के 12 पौधे बरामद हुए. पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया. न्यायालय में पेश करने के बाद आरोपी को जेल भेज दिया गया.
कटारा हिल्स इलाके में पुलिस ने की कार्रवाई
मामला भोपाल के कटारा हिल्स थाना क्षेत्र का है. पुलिस को सूचना मिली थी कि थाना क्षेत्र में एक निर्माणाधीन बिल्डिंग के परिसर में गांजे के पौधे उगाए जा रहे हैं. सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम मौके पर पहुंची और निर्माणाधीन सोसाइटी की बिल्डिंग में जांच शुरू की. जांच के दौरान पुलिस को परिसर में गांजे के पौधे दिखाई दिए. गिनती करने पर वहां कुल 12 गांजे के पौधे बरामद किए गए.
उन्नाव का रहने वाला है आरोपी
पुलिस की जांच में सामने आया कि आरोपी मूल रूप से उत्तर प्रदेश के उन्नाव का रहने वाला है. वह भोपाल में एक सोसाइटी की निर्माणाधीन बिल्डिंग में मजदूरी का काम करता था. बताया जा रहा है कि गांजा पीने की आदत के चलते आरोपी ने खुद ही बिल्डिंग परिसर में गांजे के पौधे उगा लिए थे. मजदूरी करने के साथ-साथ वह इन पौधों की देखभाल भी करता था.
मौके से पौधे बरामद कर नष्ट किए
पुलिस ने कार्रवाई के दौरान गांजे के सभी पौधों को अपने कब्जे में लिया. नियमानुसार कार्रवाई करते हुए बरामद गांजे के पौधों को नष्ट कर दिया गया. इसके बाद आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया गया और उसे गिरफ्तार कर लिया गया. पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जिसके बाद उसे जेल भेज दिया गया.
अतिरिक्त पुलिस कमिश्नर ने दी मामले की जानकारी
अतिरिक्त पुलिस कमिश्नर शैलेन्द्र सिंह चौहान ने पूरे मामले की जानकारी देते हुए बताया कि यह मामला कटारा हिल्स थाना क्षेत्र का है. आरोपी उन्नाव का रहने वाला है और निर्माणाधीन बिल्डिंग में मजदूरी करता था. पुलिस को सूचना मिली थी कि आरोपी ने वहीं गांजे के पौधे उगा रखे हैं. कार्रवाई के दौरान मौके से गांजे के 12 पौधे बरामद किए गए. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है.
अब बीज मिलने के स्रोत की जांच
पुलिस अब यह भी पता लगाने में जुटी है कि आरोपी ने गांजे के बीज कहां से हासिल किए थे. साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि वह गांजा केवल अपने इस्तेमाल के लिए उगा रहा था या इसके पीछे किसी अन्य व्यक्ति की भी भूमिका थी. फिलहाल पुलिस ने मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई कर जांच शुरू कर दी है.
निर्माणाधीन इमारत में गांजा उगाने का मामला चर्चा में
राजधानी में नशे के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई के बीच यह मामला इसलिए भी चर्चा में है, क्योंकि जिस जगह आरोपी मजदूरी कर रहा था, उसी निर्माणाधीन इमारत को उसने गांजे के पौधे उगाने की जगह बना लिया था. पुलिस अब मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है.
(रिपोर्ट- धर्मेंद्र साहू)
ये भी पढ़ें