scorecardresearch

दो साल तक आलिया करती रही रेकी, प्यार के जाल में फंसाया, फिर एक दिन अपने ही गैंग से करवा दी लूट

तकरीबन दो साल पहले...भोपाल की वो सुबह, जब हवा में हल्की ठंडक थी और किलोल पार्क की पगडंडियों पर धूप की किरणें धीरे-धीरे उतर रही थीं. उसी सुबह दो अजनबी दिलों ने एक-दूसरे को महसूस करना शुरू किया था. डॉक्टर मोहन वर्मा एक सादगी भरी, शांत जिंदगी जीने वाला इंसान… और फिर आई वो आलिया.

Bhopal Robbery (Photo: Representational) Bhopal Robbery (Photo: Representational)
हाइलाइट्स
  • पुलिस ने आरोपी आलिया खान को पकड़ा

  • मास्टरमाइंड महिला समेत लुटेरे गिरफ्तार...

  • करीबी महिला ने रची थी डॉक्टर से लूट की साजिश..

भोपाल की एक शांत सुबह, जो कभी सैर और सुकून के लिए जानी जाती थी, अब एक चौंकाने वाली वारदात की वजह से चर्चा में है. यहां एक डॉक्टर के साथ हुई लूट की घटना ने न सिर्फ पुलिस को हैरान किया, बल्कि भरोसे और रिश्तों को लेकर भी बड़ा सवाल खड़ा कर दिया. जिस महिला को डॉक्टर अपना करीबी मानते थे, वही इस पूरी साजिश की मुख्य आरोपी निकली.

सुबह की मुलाकात से शुरू हुई कहानी
करीब दो साल पहले किलोल पार्क में सुबह की सैर के दौरान डॉक्टर मनोज वर्मा की मुलाकात आलिया खान से हुई थी. धीरे-धीरे दोनों के बीच बातचीत बढ़ी और यह मुलाकातें रोज का हिस्सा बन गईं. डॉक्टर के लिए यह रिश्ता भरोसे और अपनापन का था, लेकिन उन्हें अंदाजा नहीं था कि यही नजदीकी आगे चलकर उनके लिए खतरा बन जाएगी.

ऐसे रची गई लूट की साजिश
पुलिस जांच में सामने आया कि 27 वर्षीय आलिया खान, जो खुद को समाज सेविका बताती थी, डॉक्टर की दिनचर्या और आदतों से पूरी तरह वाकिफ हो चुकी थी. उसने अपने साथियों को बताया कि डॉक्टर रोज सुबह साइकिलिंग के लिए निकलते हैं और हाथ में करीब 11 तोले का सोने का कड़ा पहनते हैं. यही जानकारी इस वारदात की वजह बनी. आरोपियों ने पहले डॉक्टर की मूवमेंट की रेकी की और फिर सुनसान जगह पर वारदात को अंजाम देने की योजना बनाई.

10 अप्रैल को ऐसे दिया वारदात को अंजाम
घटना वाले दिन डॉक्टर रोज की तरह साइकिलिंग के लिए निकले थे. जैसे ही वे किलोल पार्क के पास पहुंचे, पहले से घात लगाए बैठे बदमाशों ने उन्हें टक्कर मारकर गिरा दिया. इसके बाद उनकी आंखों में मिर्च पाउडर डाल दिया गया, जिससे वे कुछ देख नहीं पाए. इस दौरान आरोपियों ने डॉक्टर से सोने का कड़ा लूट लिया और फरार हो गए. पूरी घटना कुछ ही मिनटों में अंजाम दे दी गई. घटना के बाद पुलिस ने इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और संदिग्धों की पहचान की. जांच आगे बढ़ने पर शक सीधे आलिया खान पर गया. हिरासत में लेकर पूछताछ की गई तो उसने पूरी साजिश कबूल कर ली और अपने साथी अरशान खान का नाम बताया.

आरोपी गिरफ्तार, बाकी फरार
पुलिस ने आलिया खान और उसके साथी 22 वर्षीय अरशान खान को गिरफ्तार कर लिया है. अरशान का भी आपराधिक रिकॉर्ड सामने आया है. हालांकि, इस वारदात में शामिल अन्य आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है. श्यामला हिल्स थाना प्रभारी के अनुसार, जल्द ही बाकी आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा और लूटा गया कड़ा बरामद करने के प्रयास किए जा रहे हैं. यह मामला सिर्फ लूट का नहीं, बल्कि भरोसे के टूटने की कहानी भी है. जिस रिश्ते को डॉक्टर अपनापन समझते रहे, वही उनके खिलाफ साजिश का जरिया बन गया.

ये भी पढ़ें: