scorecardresearch

Bhopal News: एकतरफा प्यार में सिरफिरे आशिक की करतूत, शादी से मना करने पर युवती के घर पर फेंका पेट्रोल बम

मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के टीटी नगर इलाके से एकतरफा प्यार में हिंसा और दहशत का खौफनाक मामला सामने आया है. यहां एक युवक ने युवती द्वारा शादी का प्रस्ताव ठुकराए जाने और दूसरी जगह रिश्ता तय होने से नाराज होकर उसके घर पर पेट्रोल बम फेंक दिया.

Advertisement
सिरफिरे आशिक की करतूत सिरफिरे आशिक की करतूत

भोपाल के टीटी नगर इलाके से एकतरफा प्यार का खौफनाक मामला सामने आया है. यहां शादी से इनकार करने पर एक युवक ने युवती के घर में पेट्रोल बम फेंक दिया. पेट्रोल बम किचन में गिरने से आग लग गई और फ्रिज समेत हजारों रुपये का घरेलू सामान जल गया. इससे पहले आरोपी ने युवती की मोपेड में पत्थर मारकर तोड़फोड़ की थी और उसके मंगेतर को भी जान से मारने की धमकी दी थी. घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी अरबाज उर्फ भैयू को गिरफ्तार कर लिया है.

दूसरे युवक से रिश्ता तय होने पर बनाने लगा दबाव
अतिरिक्त पुलिस कमिश्नर शैलेन्द्र सिंह चौहान के मुताबिक, बाणगंगा बस्ती निवासी 24 वर्षीय युवती के पिता का निधन हो चुका है और उसका पालन-पोषण उसके भाई ने किया है. कुछ समय पहले ही युवती का रिश्ता दूसरे युवक से तय हुआ था. जब अरबाज को इस रिश्ते की जानकारी मिली तो वह युवती पर शादी के लिए दबाव बनाने लगा. युवती पहले ही उसके प्रेम प्रस्ताव को ठुकरा चुकी थी. इसके बावजूद आरोपी उसका पीछा करने लगा और लगातार उसे धमकाने लगा.

डायल-112 पर सूचना के बाद भी नहीं रुका
बताया जा रहा है कि घटना से दो दिन पहले सुबह अरबाज युवती को धमकाने उसके घर पहुंचा था. परेशान युवती ने तत्काल डायल-112 पर पुलिस को सूचना दी. पुलिस की सूचना के बाद आरोपी वहां से चला गया, लेकिन आरोप है कि इसके बाद भी वह फोन पर युवती को धमकाता रहा. इतना ही नहीं, आरोपी ने युवती के मंगेतर को भी जान से मारने की धमकी दी.

पहले मोपेड में की तोड़फोड़, फिर फेंका पेट्रोल बम
इसी दिन शाम करीब पांच बजे युवती अपनी भाभी के साथ घर के बाहर खड़ी थी. तभी अरबाज दोबारा वहां पहुंच गया. आरोपी ने युवती की मोपेड पर पत्थर मारकर तोड़फोड़ कर दी. इसके बाद उसने पेट्रोल बम घर के अंदर फेंक दिया और वहां से फरार हो गया. पेट्रोल बम सीधे किचन में गिरा, जिससे वहां आग भड़क उठी. देखते ही देखते आग ने घर के सामान को अपनी चपेट में ले लिया.

फ्रिज समेत हजारों रुपये का सामान जला
आग लगने से फ्रिज समेत कई घरेलू सामान जलकर खराब हो गए. घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची. टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया.

पुलिस ने दर्ज किया मामला, आरोपी गिरफ्तार
युवती की शिकायत के आधार पर पुलिस ने अरबाज उर्फ भैयू के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया. शुरुआती जानकारी में घटना के बाद आरोपी के फरार होने और पुलिस द्वारा संभावित ठिकानों पर दबिश देने की बात सामने आई थी. अब पुलिस ने आरोपी अरबाज खान को गिरफ्तार कर लिया है. मामले में पुलिस की जांच जारी है.
 

ये भी पढ़ें