scorecardresearch

यूपी से बिहार पहुंची पत्नी, घर पर पति नहीं मिला तो सीधे चढ़ गई मोबाइल टावर पर... फिर जो हुआ देख कांप गए लोग

उत्तर प्रदेश से पति से मिलने बिहार पहुंची एक महिला उस समय चर्चा का विषय बन गई, जब पति के घर पर नहीं मिलने से नाराज होकर वह मोबाइल टावर पर चढ़ गई. बगहा में हुई इस घटना से इलाके में अफरा-तफरी मच गई.

Woman climbs mobile tower Woman climbs mobile tower

बिहार के बगहा अनुमंडल अंतर्गत चौतरवा थाना क्षेत्र में रविवार में उस समय हड़कंप मच गया, जब एक महिला अचानक मोबाइल टावर पर चढ़ गई. लक्ष्मीपुर गांव के पास स्थित टावर पर महिला को ऊंचाई पर चढ़ा देख स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस भी तत्काल मौके पर पहुंच गई और महिला को सुरक्षित नीचे उतारने के प्रयास शुरू किए गए.

टावर पर महिला को देख जुटी भीड़
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार महिला काफी ऊंचाई तक चढ़ गई थी, जिससे लोगों में चिंता बढ़ गई. आसपास के गांवों से भी बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंचने लगे. किसी संभावित हादसे की आशंका को देखते हुए पुलिस और स्थानीय लोगों ने महिला को समझाने की कोशिश शुरू की. करीब एक घंटे तक लगातार समझाने-बुझाने का प्रयास चलता रहा. काफी मशक्कत के बाद महिला नीचे उतरने के लिए तैयार हुई और उसे सुरक्षित नीचे उतार लिया गया.

जांच में सामने आई पूरी कहानी
शुरुआत में घटना को प्रेम प्रसंग से जोड़कर देखा जा रहा था, लेकिन पुलिस जांच में मामला कुछ अलग निकला. महिला की पहचान प्रियंका कुमारी के रूप में हुई है. बताया गया कि वह उत्तर प्रदेश की रहने वाली है और उसने चौतरवा क्षेत्र के एक युवक से प्रेम विवाह किया था. पुलिस के अनुसार शादी के बाद कुछ समय से दोनों के रिश्तों में दूरी आ गई थी. इसी बीच प्रियंका अपने पति से मिलने उत्तर प्रदेश से चौतरवा पहुंची थी. हालांकि पति के बाहर रहने के कारण उसकी मुलाकात नहीं हो सकी, जिससे वह काफी नाराज और भावुक हो गई.

पति से मुलाकात नहीं होने पर प्रियंका ने नाराज होकर मोबाइल टावर पर चढ़ने का कदम उठा लिया. टावर पर चढ़ते ही आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई. लोगों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी. मौके पर पहुंची चौतरवा थाना पुलिस ने धैर्य और सूझबूझ का परिचय देते हुए महिला से बातचीत की. पुलिसकर्मियों ने लगातार उसे समझाया कि वह नीचे उतर आए और किसी तरह की जल्दबाजी न करे.

पुलिस और ग्रामीणों की तत्परता से टली अनहोनी
बगहा के एसडीपीओ निहार भूषण ने बताया कि पुलिस ने समय रहते कार्रवाई की, जिसके कारण महिला को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया. उन्होंने कहा कि घटना में किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति नहीं बनी और महिला पूरी तरह सुरक्षित है. फिलहाल पुलिस महिला से पूछताछ कर रही है और मामले की आगे जांच की जा रही है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि स्थानीय लोगों के सहयोग और पुलिस की तत्परता से एक संभावित बड़ा हादसा टल गया. घटना के बाद क्षेत्र में यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है.

(रिपोर्ट- अभिषेक पांडे)

ये भी पढ़ें