scorecardresearch

नेपाल में फ्लैश फ्लड से फंसे महाराष्ट्र के 100 तीर्थयात्री बिहार से सुरक्षित घर रवाना, सरकार ने की विशेष व्यवस्था

नेपाल में आई आकस्मिक फ्लैश फ्लड के कारण काठमांडू में फंसे महाराष्ट्र के लगभग 100 तीर्थयात्रियों को महाराष्ट्र सरकार के अनुरोध पर बिहार सरकार द्वारा मानवीय एवं संवेदनशील पहल करते हुए सुरक्षित निकालकर उनके गृह राज्य के लिए रवाना किया गया.

Advertisement

नेपाल में अचानक आई फ्लैश फ्लड के कारण काठमांडू में फंसे महाराष्ट्र के करीब 100 तीर्थयात्रियों को बिहार सरकार की मदद से सुरक्षित उनके गृह राज्य के लिए रवाना कर दिया गया. महाराष्ट्र सरकार के अनुरोध पर बिहार सरकार ने तेजी से कार्रवाई करते हुए तीर्थयात्रियों की सुरक्षित वापसी के लिए विशेष इंतजाम किए. मुख्यमंत्री के निर्देश पर मुख्य सचिव और आपदा प्रबंधन विभाग के प्रधान सचिव की निगरानी में पूरा राहत अभियान चलाया गया.

नेपाल सीमा से सीतामढ़ी लाए गए तीर्थयात्री
28 अगस्त को आपदा प्रबंधन विभाग के समन्वय से सीतामढ़ी जिला प्रशासन ने नेपाल सीमा से सभी तीर्थयात्रियों को सुरक्षित एस्कॉर्ट किया और उन्हें सीतामढ़ी पहुंचाया. यहां प्रशासन की ओर से उनके भोजन, पीने के पानी और रहने समेत दूसरी जरूरी सुविधाओं की व्यवस्था की गई. खराब मौसम और बाढ़ की स्थिति के बीच प्रशासन ने तीर्थयात्रियों की सुरक्षित आवाजाही पर विशेष ध्यान दिया.

रात में सीतामढ़ी से पटना पहुंचाया गया
इसके बाद 29 अगस्त की रात करीब 2.30 बजे सभी तीर्थयात्रियों को सीतामढ़ी से पटना लाया गया. पटना जिला प्रशासन ने ओपी साह सामुदायिक भवन में उनके ठहरने की व्यवस्था की. यहां रात में ही भोजन और आवासन के साथ सभी तीर्थयात्रियों की मेडिकल जांच कराई गई. प्रशासन की ओर से उनकी जरूरत के मुताबिक अन्य जरूरी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गईं.

रेलवे से समन्वय कर दो अतिरिक्त बोगियों की व्यवस्था
तीर्थयात्रियों को महाराष्ट्र पहुंचाने के लिए बिहार सरकार ने रेलवे के साथ भी विशेष समन्वय किया. मुख्य सचिव, बिहार सरकार के स्तर से रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष से संपर्क कर पटना-पूर्णा एक्सप्रेस में दो अतिरिक्त बोगियां जोड़ने की व्यवस्था कराई गई.

29 अगस्त की सुबह करीब 7.30 बजे सभी तीर्थ यात्रा विशेष व्यवस्था के साथ ट्रेन से महाराष्ट्र के लिए रवाना हो गए. सुरक्षित और सम्मानजनक वापसी के बाद तीर्थयात्रियों ने बिहार सरकार, सीतामढ़ी और पटना जिला प्रशासन की तत्परता और संवेदनशीलता की सराहना की. उन्होंने राहत अभियान में सहयोग के लिए बिहार सरकार और प्रशासन का आभार जताया.

ये भी पढ़ें: