Three Dangerous Leopards Are Caught Alive
Three Dangerous Leopards Are Caught Alive
बिजनौर जिले में गुलदारों की बढ़ती सक्रियता के बीच आज वन विभाग को बड़ी सफलता मिली. जिले के अलग-अलग इलाकों में लगाए गए पिंजरों में तीन गुलदार पकड़े गए. पहला गुलदार नजीबाबाद क्षेत्र के शमीपुर, दूसरा नजीबाबाद के धनसनी और तीसरा गुलदार चांदपुर क्षेत्र में पिंजरे में कैद हुआ. एक ही दिन में तीन गुलदार पकड़े जाने से वन विभाग की कार्रवाई चर्चा में है. वहीं, लंबे समय से गुलदारों की मौजूदगी से भय के माहौल में रह रहे ग्रामीणों ने भी राहत की सांस ली है.
शमीपुर में पिंजरे में कैद हुआ गुलदार
नजीबाबाद क्षेत्र के शमीपुर गांव में वन विभाग की ओर से लगाए गए पिंजरे में एक गुलदार फंस गया. क्षेत्र में गुलदार की आवाजाही को देखते हुए वन विभाग ने निगरानी बढ़ाई थी और ग्रामीणों की मांग के बाद उसे पकड़ने के लिए पिंजरा लगाया गया था. गुलदार के पिंजरे में कैद होने की सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंच गए.
धनसनी में भूपेश चौधरी के खेत में पकड़ा गया गुलदार
दूसरा गुलदार नजीबाबाद के धनसनी गांव में पकड़ा गया. यहां भारतीय किसान यूनियन नेता भूपेश चौधरी के खेत में वन विभाग ने पिंजरा लगाया था. ग्रामीणों के अनुसार, पिछले काफी समय से गांव और आसपास के इलाकों में गुलदार दिखाई दे रहा था. इसकी वजह से ग्रामीणों में डर का माहौल बना हुआ था. पिंजरे में गुलदार के फंसने की जानकारी मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई. गुलदार पकड़े जाने के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली.
चांदपुर में भी वन विभाग को मिली सफलता
इसी बीच जिले के चांदपुर क्षेत्र में भी वन विभाग ने एक गुलदार को पिंजरे में कैद कर लिया. इस तरह आज जिले में कुल तीन गुलदार पकड़े जाने की जानकारी सामने आई है. अलग-अलग क्षेत्रों में गुलदार पकड़े जाने के बाद वन विभाग की टीमें लगातार निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था में जुटी हैं.
बारिश के कारण आबादी की ओर आ रहे गुलदार
नजीबाबाद रेंज के रेंजर के मुताबिक, अत्यधिक बारिश के कारण गुलदार आबादी वाले क्षेत्रों की ओर रुख कर रहे हैं. ऐसे में ग्रामीणों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है. वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि गुलदार दिखाई देने पर उसके नजदीक न जाएं और उसे घेरने या छेड़ने की कोशिश न करें. किसी भी वन्यजीव की मौजूदगी की सूचना तत्काल वन विभाग को दें. बिजनौर में एक ही दिन में तीन गुलदारों के पकड़े जाने से जहां वन विभाग की कार्रवाई को सफलता मिली है, वहीं इन इलाकों में लंबे समय से बनी गुलदार की दहशत के बीच ग्रामीणों ने भी राहत महसूस की है.
ये भी पढ़ें: