scorecardresearch

बंगाल खत्म अब उत्तर प्रदेश पर नजर, अगले कुछ दिनों में यूपी मंत्रिमंडल विस्तार की चर्चा गर्म!

उत्तर प्रदेश में मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर चर्चा और मंथन भी चुपचाप चल रहा है. ऐसा माना जा रहा है कि अगले कुछ दिनों में योगी मंत्रिमंडल का विस्तार होगा, यह विस्तार 8 मई के आसपास हो सकता है.

yogi aditynath yogi aditynath

बंगाल में नतीजों के बाद अब बीजेपी का फोकस उत्तर प्रदेश होने जा रहा है. पिछले कुछ दिनों से जहां निगाहें पश्चिम बंगाल के नतीजे पर हैं. वहीं उत्तर प्रदेश में मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर चर्चा और मंथन भी चुपचाप चल रहा है. ऐसा माना जा रहा है कि अगले कुछ दिनों में योगी मंत्रिमंडल का विस्तार होगा, यह विस्तार 8 मई के आसपास हो सकता है.

मंत्रिमंडल विस्तार में दलित ओबीसी और ब्राह्मणों को तवज्जों
इस विस्तार में अब भाजपा के कई पुराने चेहरों और सपा छोड़कर निकले विधायकों को तो जगह मिलेगी ही, इसके अलावा दलित ओबीसी और ब्राह्मणों को तवज्जों मिल सकती है. क्षेत्रवार बात की जाए तो पश्चिम को साधने की कोशिश होगी. ब्रज और अवध से ब्राह्मण, पश्चिम से दलित और गुर्जर -जाट समीकरण साध सकती है बीजेपी.

यूजीसी बिल बीजेपी के लिए बड़ा सिरदर्द
मुद्दों के लिहाज से यूजीसी बिल बीजेपी के लिए बड़ा सिरदर्द है, वहीं बिजली मीटर को लेकर लोगों में भारी रोष है और नाराजगी लगातार बढ़ती जा रही है. माना जा रहा है कि इन दोनों मुद्दों से निपटने का फार्मूला बीजेपी मंत्रिमंडल विस्तार में ढूंढने की कोशिश करेगी.

ब्राह्मण चेहरे के तौर पर श्रीकांत शर्मा का नाम आगे
मंत्रिमंडल विस्तार में कई नामों के कयास लग रहे हैं, ब्राह्मण चेहरे के तौर पर श्रीकांत शर्मा का नाम चल रहा है. प्रयागराज से पूजा पाल के नाम की चर्चा है, वही मनोज पांडे का नाम भी मंत्रिमंडल विस्तार की कयासों में है, जिन्होंने सपा से राज्यसभा चुनाव में बगावत की थी. इसके अलावा भी लगभग दर्जन भर नामों की चर्चा है, जिसमें दलित और पिछड़े चेहरे शामिल किए जा सकते हैं.

पिछले एक महीने से भाजपा महासचिव विनोद तावड़े लगातार उत्तर प्रदेश को लेकर फीडबैक लेते रहे हैं, उन्होंने प्रदेश के सभी बड़े नताओं, दोनों डिप्टी सीएम मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और सभी पूर्व अध्यक्षों से अलग-अलग मुलाकात की है. 

बीजेपी के तमाम बड़े नेता दिल्ली में
बीजेपी के तमाम बड़े नेताओं का जमावड़ा दिल्ली में हर दूसरे दिन दिखाई दे रहा है. दोनों डिप्टी सीएम, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी एक साथ दिल्ली जाते दिखाई दिए. कई बड़े बीजेपी के चेहरे इस वक्त दिल्ली में है, बंगाल के बाद अब उत्तर प्रदेश पर नजर टिकेगी क्योंकि अगले 10 महीने के बाद उत्तर प्रदेश में चुनाव है और मंत्रिमंडल विस्तार उसी चुनाव की कवायत मानी जा रही है.

ये भी पढ़ें