नितिन नबीन का खास आयोजन
नितिन नबीन का खास आयोजन
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन आज जयपुर दौरे पर हैं. उनके दिनभर के कार्यक्रमों की शुरुआत अल्बर्ट हॉल से हुई, जहां उन्होंने स्वच्छता अभियान में हिस्सा लिया और श्रमदान किया. इस दौरान उन्होंने सफाई कर्मचारियों का सम्मान भी किया. कार्यक्रम में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया. मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा समेत भाजपा के कई वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी भी इस दौरान मौजूद रहे.
स्वच्छता अभियान में किया श्रमदान
अल्बर्ट हॉल परिसर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान नितिन नबीन ने खुद श्रमदान कर स्वच्छता अभियान में भागीदारी की. यह कार्यक्रम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर भाजपा की ओर से चलाए जा रहे 'सेवा संकल्प अभियान' के तहत आयोजित किया गया है. कार्यक्रम में सफाई व्यवस्था से जुड़े कर्मचारियों को सम्मानित किया गया. इसके साथ ही मौजूद लोगों को स्वच्छता की शपथ भी दिलाई गई. लोगों से सार्वजनिक जगहों को साफ रखने और स्वच्छता अभियान में अपनी भागीदारी बढ़ाने का संदेश दिया गया.
मुख्यमंत्री आवास पर सांगठनिक बैठक
नितिन नबीन का जयपुर दौरा सिर्फ स्वच्छता कार्यक्रम तक सीमित नहीं है. तय कार्यक्रम के अनुसार अल्बर्ट हॉल के बाद मुख्यमंत्री आवास पर पार्टी की सांगठनिक बैठक प्रस्तावित है. इस बैठक में सांसदों, विधायकों, संभाग प्रभारियों और सह-प्रभारियों के साथ आगामी पंचायतीराज चुनाव से जुड़ी पार्टी की संचालन समिति के सदस्य भी शामिल होंगे. इसके बाद नितिन नबीन का दादिया पहुंचने का कार्यक्रम है, जहां निकाय जनप्रतिनिधि सम्मेलन आयोजित किया जा रहा है. यह आयोजन पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती के अवसर पर रखा गया है.
दिनभर कई कार्यक्रमों में रहेंगे शामिल
नितिन नबीन के जयपुर दौरे में स्वच्छता अभियान, पार्टी की सांगठनिक बैठक और निकाय जनप्रतिनिधि सम्मेलन समेत कई कार्यक्रम शामिल हैं. यानी उनका यह दौरा सुबह अल्बर्ट हॉल से शुरू होकर पार्टी के सांगठनिक कार्यक्रमों और जनप्रतिनिधियों से जुड़े आयोजन तक चलेगा. इस सम्मेलन में हालिया निकाय चुनाव में जीत दर्ज करने वाले भाजपा के पार्षदों और जनप्रतिनिधियों के अभिनंदन का कार्यक्रम भी निर्धारित है. इस दौरान नितिन नबीन का संबोधन भी प्रस्तावित है.
ये भी पढ़ें