दो युवतियों का प्रेम संबंध
दो युवतियों का प्रेम संबंध
कोटा के बोरखेड़ा इलाके में दो बालिग युवतियों के रिश्ते का मामला सामने आया है. दोनों आपस में रिश्तेदार हैं और करीब तीन साल पहले उनकी दोस्ती हुई थी. धीरे-धीरे दोनों एक-दूसरे के करीब आती गईं और बाद में उन्होंने साथ रहने का फैसला किया. परिवार को जब इस रिश्ते की जानकारी हुई तो उन्होंने इसका विरोध किया. परिजनों के विरोध के बाद दोनों करीब पांच महीने पहले अपना घर छोड़कर सवाई माधोपुर चली गई थीं. वहां दोनों ने किराए पर कमरा लिया और काम करने लगीं. इस दौरान परिजनों ने दोनों से संपर्क करने की कोशिश की. हाल ही में जब परिवार की उनसे बात हुई तो उन्हें वापस बुलाया गया, ताकि समझाइश देकर दोनों को अलग करने की कोशिश की जा सके.
थाने में भी कहा- जिंदगीभर साथ रहेंगे
मंगलवार को दोनों युवतियों को समझाइश के लिए बोरखेड़ा थाने लाया गया. यहां पुलिस और परिजनों के सामने दोनों ने साफ कहा कि वे एक-दूसरे से प्यार करती हैं और जिंदगीभर साथ रहना चाहती हैं. परिवार ने उन्हें समझाने की कोशिश की, लेकिन दोनों अपने फैसले से पीछे हटने के लिए तैयार नहीं हुईं. दोनों बालिग हैं, इसलिए पुलिस ने उनके बयान दर्ज किए और इसके बाद उन्हें जाने दिया.
महिला थाने के बाहर पीया कीटनाशक
पुलिस के अनुसार, दोनों युवतियां पहले ही कीटनाशक का सेवन कर चुकी थीं. बताया गया कि उन्होंने महिला थाने के बाहर कीटनाशक पीया था और इसके बाद बोरखेड़ा थाने पहुंचीं. उस समय शुरुआत में कीटनाशक का असर साफ दिखाई नहीं दिया, लेकिन कुछ देर बाद दोनों की तबीयत बिगड़ने लगी. इसके बाद दोनों को इलाज के लिए एमबीएस अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है.
पांच महीने से दर्ज थी गुमशुदगी
बोरखेड़ा सीआई अजीत बागड़ोलिया ने बताया कि दोनों युवतियां रिश्तेदार हैं. इनमें से एक दीगोद क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली है, जबकि दूसरी सीमल्या के पास के गांव की निवासी है. करीब पांच महीने पहले दोनों के घर से चले जाने के बाद परिजनों ने उनकी गुमशुदगी दर्ज कराई थी. पुलिस के मुताबिक, दोनों सवाई माधोपुर में साथ रह रही थीं और वहीं काम भी कर रही थीं. परिजनों के संपर्क करने के बाद वे वापस लौटीं. एमबीएस अस्पताल में भर्ती दोनों युवतियां अब भी एक-दूसरे के साथ रहने की बात पर कायम हैं. दोनों ने करीब आठवीं कक्षा तक पढ़ाई की है. फिलहाल दोनों का अस्पताल में इलाज चल रहा है.
ये भी पढ़ें