scorecardresearch

4 मई के बाद क्या है बीजेपी का प्लान? हो सकते हैं कई बड़े बदलाव

चार राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश में विधानसभा चुनाव नतीजे 4 मई को आएंगे. इसके बाद बीजेपी में कई बड़े फैसले लिए जा सकते हैं. यूपी कैबिनेट में फेरबदल के साथ प्रदेश बीजेपी की भी नई टीम गठन की संभावना है. इसके अलावा बिहार में कैबिनेट विस्तार का भी इंतजार है. इसके साथ ही नितिन नवीन की टीम गठन को भी लेकर फैसला हो सकता है.

PM Modi, Yogi Adityanath and Nitin Nabin PM Modi, Yogi Adityanath and Nitin Nabin

चार मई को 4 राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश में विधानसभा चुनाव के नतीजे आएंगे. इसके बाद बीजेपी में कई बड़े फैसले होने की संभावना है. इसमें पार्टी अध्यक्ष नितिन नवीन की टीम के गठन से लेकर यूपी और बिहार में कैबिनेट विस्तार तक शामिल है. यूपी में अगले साल फरवरी में होने वाली चुनाव से पहले कैबिनेट विस्तार की तैयारी है.

मई में बीजेपी में कई बड़े बदलाव संभव-
बीजेपी सूत्रों के अनुसार संगठन और सरकार के हिसाब से मई का महीना कई बड़े बदलाव लेकर आएगा. लंबे समय से लटके पड़े कई फैसले मई में लागू होने की संभावना है. इनमें सबसे महत्वपूर्ण उत्तर प्रदेश में योगी सरकार में फेरबदल शामिल है. उत्तर प्रदेश में अगले साल फ़रवरी में चुनाव होने जा रहे हैं. इससे पहले योगी सरकार का बहुप्रतीक्षित कैबिनेट विस्तार करने की तैयारी पूरी कर ली गई है.

यूपी कैबिनेट में फेरबदल संभव-
सूत्रों के अनुसार खाली पड़े पदों को भरने के अलावा कुछ फेरबदल भी हो सकता है. इसमें कुछ मौजूदा मंत्रियों की ज़िम्मेदारी में बदलाव की भी संभावना है. पूर्व प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र चौधरी की सरकार में वापसी तय मानी जा रही है. आने वाले चुनावों को ध्यान में रख कर क्षेत्रीय जातीय समीकरणों को भी साधा जाएगा.

बीजेपी नेताओं के अनुसार योगी कैबिनेट में फेरबदल के साथ ही प्रदेश बीजेपी में भी नई टीम का गठन होने की संभावना है. प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी की नई टीम और योगी कैबिनेट दोनों का निर्णय करते समय आगामी विधानसभा चुनाव का ध्यान रखा जाएगा.

बिहार में कैबिनेट विस्तार की तैयारी-
इसके साथ ही बिहार में सम्राट कैबिनेट का भी विस्तार होना है. बीजेपी जेडीयू के फार्मूले के अनुसार दोनों के पास 16-16 मंत्री पद रहने की संभावना है. वर्तमान में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के पास जो विभाग हैं, वे बीजेपी कोटे से बनने वाले मंत्रियों को और जेडीयू के दोनों उपमुख्यमंत्रियों के पास के विभाग जेडीयू कोटे से बनने मंत्रियों को दिए जाएंगे. 

नितिन नवीन की टीम का भी गठन-
इसी तरह बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की टीम का भी गठन जल्दी ही होने की संभावना है. माना जा रहा है कि नई टीम में अनुभवी और युवा नेताओं को जगह दी जाएगी. इसमें तैंतीस प्रतिशत से अधिक स्थान महिलाओं को दिए जाएंगे.

(हिमांशु मिश्रा की रिपोर्ट)

ये भी पढ़ें: